शराब बैन पर बोले गोवा के पर्यटन मंत्री, केवल अच्छे पर्यटकों का स्वागत किया जाएगा
पणजी। गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर द्वारा राज्य में समुद्र के किनारे और सार्वजनिक स्थलों पर शराब पीने पर जुर्माना लगाने की घोषणा के एक दिन बाद गोवा के पर्यटन मंत्री मनोहर अजगांवकर ने मंगलवार को कहा कि, केवल अनुशासित अच्छे पर्यटकों का तटीय राज्य में स्वागत किया जाएगा, जो राज्य की संस्कृति, प्राकृतिक सौंदर्य और स्पिरिट ऑफ गोवा को संरक्षित करने के इच्छुक हैं। बता दें कि, सोमवार को पर्रिकर ने कहा, अगस्त के महीने से गोवा में अगर कोई (सार्वजनिक स्थान पर) शराब पीते पाया गया तो उस पर भारी जुर्माना लगाया जाएगा।

मनोहर अजगांवकर ने कहा कि, हम लोगों और पर्यटकों से आग्रह करते हैं कि वे किसी भी लड़की या महिला के साथ शराब पीकर दुर्व्यवहार ना करें। क्योंकि हमारा गोवी पूरे देश और विश्व में प्रसिद्ध है। लोग यहां हमारी संस्कृति और प्राकृतिक सुंदरता देखने आते हैं। गोवा में शराब पीकर दुर्व्यवहार करने वाले से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। 2,500 का जुर्माना कम है और इसे कहीं अधिक बढ़ाया जाना चाहिए। शराबियों पर जितना संभव हो, जुर्माना लगाया जाना चाहिए।
जब मनोहर अजगांवकर से पूछा गया कि क्या जुर्माना गोवा में पर्यटकों की संख्या में गिरावट कर देगा तो इसके जवाब में उन्होंने कहा, इससे पर्यटकों के प्रभावित होने का सवाल नहीं है। गोवा देश के बेहतरीन समुद्र तट और नाइटलाइफ पर्यटन स्थलों में से एक है। साथ ही यह हर साल साठ लाख से अधिक पर्यटकों को आकर्षित करता है।
मनोहर पर्रिकर ने सोमवार को कहा, 'अगस्त महीने से अगर कोई (सार्वजनिक स्थान पर) शराब पीते पाया गया तो भारी जुर्माना लगाया जाएगा। यह करीब 2500 रुपये होगा। हम जल्द ही इस दिशा में एक नोटिफिकेशन जारी करने जा रहे हैं। मैं इसे अगस्त महीन से पहले करना चाहता हूं ताकि इसे 15 अगस्त से लागू किया जा सके। इसी तरह से गंदगी करने पर 2500 रुपये जुर्माना लगेगा।'
उन्होंने बीयर की खाली बोतलें फेंककर गंदगी करने पर भी चेतावनी दी। पर्रिकर ने बताया कि उन्होंने रिवर फ्रंट इलाके में स्टूडेंट्स को बीयर पीते पकड़ा था और उन्हें चेतावनी दी थी। पर्रिकर ने कहा, 'मैंने दो से तीन कॉलेज स्टूडेंट को बीयर की बोतल ले जाते पकड़ा था। यह ठीक नहीं है।'












Click it and Unblock the Notifications