भारत में जीनोम सीक्वेंसिंग के बाद अब तक Coronavirus के नए स्ट्रेन के 25 केस मिले
नई दिल्ली। Coronavirus new strain cases: भारत में कोरोना वायरस के नए स्ट्रेन के अब तक 25 मामले जीनोम सीक्वेंसिंग के बाद सामने आए हैं। नए मामलों में से चार पुणे के एनआईवी (नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ वायरोलॉजी) में दर्ज किए गए हैं और एक मामला दिल्ली में आईजीआईबी (सीएसआईआर- इंस्टीट्यूट ऑफ जीनोमिक्स एंड इंटरेक्टिव बायोलॉजी) में दर्ज हुआ है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय का कहना है कि इन सभी लोगों को स्वास्थ्य केंद्रों में आइसोलेशन में रखा गया है। इससे पहले जब कुल 20 मामले थे, तब सरकार ने कहा था कि इनमें से आठ मामले दिल्ली की लैब में और सात मामले बेंगलुरू की लैब में दर्ज हुए हैं।
Recommended Video

वहीं दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने कहा है कि दिल्ली में चार लोग कोरोना वायरस के नए स्ट्रेन से संक्रमित पाए गए हैं। फ्लाइट्स को इस समय प्रतिबंधित किया हुआ है और कई यात्री अभी नहीं आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार उन लोगों की ट्रेसिंग और मॉनिटरिंग कर रही है, जो पहले से आ चुके हैं। आपको बता दें कोरोना वायरस के नए स्ट्रेन के मामले सबसे पहले सितंबर महीने में ब्रिटेन में सामने आए थे। इसके बाद इस नए स्ट्रेन के मामले कनाडा, दक्षिण कोरिया सहित अन्य देशों में भी मिलने लगे। जिसके बाद भारत ने भी दुनिया के बाकी देशों की तरह ही ब्रिटेन से आने और जाने वाली उड़ानों पर 7 जनवरी तक के लिए अस्थायी तौर पर प्रतिबंध लगा दिया है।
इस नए स्ट्रेन को लेकर कहा जा रहा है कि यह कोरोना वायरस के मुकाबले 70 फीसदी अधिक तेजी से फैलता है। हालांकि डॉक्टरों का कहना है कि लोगों को अधिक चिंता करने की जरूरत नहीं है। इस नए स्ट्रेन से बचाव के लिए वही उपाय अपनाते रहें, जो कोरोना वायरस से बचाव के लिए पहले से अपनाए जा रहे हैं। वैक्सीन विशेषज्ञों का कहना है कि उन्हें इस बात की पूरी उम्मीद है कि कोरोना वायरस के खिलाफ बनाई गई वैक्सीन इस नए स्ट्रेन से बचाव के लिए भी पूरा असर करेगी। फिलहाल कई देश अभी कोरोना वायरस के टीकाकरण की प्रक्रिया से गुजर रहे हैं। भारत में अगले साल के शुरुआत में टीकाकरण अभियान शुरू होने की उम्मीद जताई गई है।
Coronavirus: UK से लौटे 32 लोग नहीं हो रहे ट्रेस, गुड़गांव स्वास्थ्य विभाग ने पुलिस को सौंपी लिस्ट












Click it and Unblock the Notifications