देश में एक दिन के भीतर मिले कोरोना के 46254 नए केस, कुल मामले 83 लाख के पार
नई दिल्ली। देश में कोरोना वायरस (कोविड-19) का खतरा बदलते मौसम और बढ़ते प्रदूषण के साथ बढ़ रहा है। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के अनुसार, भारत में पिछले 24 घंटों में कोविड-19 के 46,254 नए मामले आने के बाद कुल मामलों की संख्या 83,13,877 हो गई है। वहीं 514 मरीजों की मौत के बाद कुल मृतकों की संख्या 1,23,611 हो गई है। अब 7,618 मामलों की कमी के बाद सक्रिय मामले 5,33,787 रह गए हैं। 53,357 नए डिस्चार्ज के बाद कुल ठीक हुए मामलों की संख्या 76,56,478 है।
Recommended Video

भारत में पिछले 7 हफ्तों से कोरोना वायरस के औसत दैनिक नए मामलों में लगातार गिरावट आ रही है। वहीं भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (ICMR) का कहना है, 3 नवंबर तक कोरोना वायरस के लिए कुल 11,29,98,959 सैंपल टेस्ट किए गए, जिनमें से 12,09,609 सैंपल मंगलवार को टेस्ट किए गए हैं।
कहां कितने मामले?
मिजोरम में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के 101 नए मामले सामने आए हैं। कुल पॉजिटिव मामलों की संख्या अब 2,893 है, जिसमें 516 सक्रिय मामले, 2,376 डिस्चार्ज हो चुके मामले और एक मौत शामिल है। राज्य स्वास्थ्य विभाग के अनुसार महाराष्ट्र में 4,909 नए मामले, 6,973 डिस्चार्ज और 120 मौत दर्ज की गई हैं। राज्य में कुल मामले बढ़कर 16,92,693 हो गए हैं, जिसमें 15,31,277 रिकवर मामले और 44,248 मौतें शामिल हैं। सक्रिय मामलों की संख्या 1,16,543 है।
हरियाणा में 1,684 नए कोरोना मामले, 7 मौतें और 1,258 डिस्चार्ज मामले दर्ज हुए हैं। 13,338 सक्रिय मामलों, 1,56,975 डिस्चार्ज और 1,817 मौतों सहित कुल मामले 1,72,130 हैं। उत्तराखंड में 316 नए मामलों को मिलाकर कुल मामलों की संख्या 63,197 हो गई है। कुल सक्रिय मामले 3,705 हैं। राजधानी दिल्ली में मंगलवार शाम तक नए मामलों का आंकड़ा 6 हजार के पार पहुंच गया। दिल्ली सरकार द्वारा साझा किए गए आंकड़ों के अनुसार मंगलवार को दिल्ली में 6725 नए मामले सामने आए जबकि इस बीच 48 लोगों की मौत हुई है। अब कुल मामलों की संख्या बढ़कर 4,03,096 हो गई है। इनमें से 3,60,069 मरीज ठीक हो चुके हैं जबकि 36,375 सक्रिय मामले हैं। वहीं कोरोना वायरस से अब तक दिल्ली में 6,652 लोगों की मौत हो चुकी है।
उत्तर प्रदेश में कोरोना मामलों की संख्या लगातार घट रही है। यहां कोरोना के 1,726 मामले सामने आए हैं और कुल मामलों की संख्या 4,87,335 हो गई है। सक्रिय मामलों की संख्या भी लगातार घट रही है, ये संख्या 22,538 हो गई है। रिकवरी रेट 92 फीसदी से अधिक है। प्रदेश में कोरोना से 13 मौत हुई हैं और ये मृत्यु की संख्या पिछले 5 महीनों के बाद सबसे न्यूनतम स्तर पर है। कुल मृत्यु की संख्या 7,089 है।












Click it and Unblock the Notifications