TMC सांसद महुआ ने दिल्ली पुलिस को चुनौती दी, NCW ने 'पायजामा' टिप्पणी पर FIR की मांग की
तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की सांसद महुआ मोइत्रा की राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) की अध्यक्ष रेखा शर्मा पर की गई टिप्पणी जुबानी जंग का जरिया बनती नजर आ रही है। आयोग ने महुआ मोइत्रा की 'पायजामा' टिप्पणी पर एफआईआर की मांग की। वहीं, पलटवार करते हुए, मोइत्रा ने दिल्ली पुलिस को उन्हें गिरफ्तार करने की चुनौती दी है।
दरअसल, उत्तर प्रदेश के हाथरस में हुई भगदड़ स्थल का जायजा लेने एनसीडब्ल्यू अध्यक्ष रेखा शर्मा हाल ही में पहुंची। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में अन्य लोग शर्मा के लिए छाते पकड़े हुए दिखाई दे रहे थे। वीडियो पर अपनी पहले की विवादास्पद टिप्पणी को मोइत्रा ने दोहराया। एक पोस्ट पर मोइत्रा ने कहा कि वह अपने बॉस का पजामा संभालने में बहुत व्यस्त हैं। एनसीडब्ल्यू ने इसे अपमानजनक टिप्पणी बताते हुए कड़ी निंदा की।

आयोग ने तीन दिनों में विस्तृत कार्रवाई रिपोर्ट मांगी
एनसीडब्ल्यू ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि अशिष्ट टिप्पणी अपमानजनक है और एक महिला के सम्मान के अधिकार का उल्लंघन है। आयोग ने पाया कि यह टिप्पणी भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 79 के तहत आती है। एनसीडब्ल्यू ने लिखा कि मोइत्रा के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जानी चाहिए और 3 दिनों के भीतर विस्तृत कार्रवाई रिपोर्ट आयोग को बताई जानी चाहिए।
बीजेपी ने मोइत्रा पर साधा निशाना
उधर, बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर मोइत्रा की टिप्पणी को "बेहद अभद्र, आपत्तिजनक और शर्मनाक" करार दिया और कहा कि यह टीएमसी और विपक्षी दलों के इंडिया ब्लॉक का "असली चेहरा" है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सांसद महुआ मोइत्रा, जिन्होंने संदेशखली, चोपड़ा तालिबानी पिटाई को उचित ठहराया और उस दौरान चुप रहीं, स्वाति मालीवाल पर चुप रहीं, अब एक महिला पर घृणित टिप्पणी कर रही हैं, वह भी एनसीडब्ल्यू प्रमुख पर।
इंडिया ब्लॉक से पूछा ये सवाल
बीजेपी प्रवक्ता ने टीएमसी सांसद की टिप्पणी को लेकर कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) पर भी निशाना साधा और पूछा कि क्या प्रियंका वाड्रा, राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी, प्रियंका चतुर्वेदी, आप इस पर आवाज उठाएंगे?
उन्होंने कहा कि क्या ममता दीदी उन पर कार्रवाई करेंगी? नहीं, ठीक वैसे ही जैसे वे संदेशखली और चोपड़ा (पश्चिम बंगाल) में एक जोड़े की पिटाई पर चुप रहीं।












Click it and Unblock the Notifications