क्यों महिला ने अपने खून से बनाया 'द कश्मीर फाइल्स' का पोस्टर? जिसे विवेक अग्निहोत्री ने कहा-अविश्वसनीय,लेकिन..
मुंबई, 25 मार्च: बॉक्स ऑफिस पर रिलीज होने के दो हफ्ते के भीतर ही फिल्म 'द कश्मीर फाइल्स' 200 करोड़ के क्लब से भी आगे निकल चुकी है। दूसरे हफ्ते में फिल्म की कमाई में करीब 14% का इजाफा दर्ज किया गया है। एक तरफ यह फिल्म बिना किसी बड़े प्रमोशन के रिकॉर्ड तोड़े जा रही है तो दूसरी तरफ इससे जुड़े अनगिनत ऐसे वाक्ये सामने आ रहे हैं, जो कश्मीरी पंडितों के साथ हुई बर्बरता को लेकर भावनाओं को झकझोर दे रही है। ऐसे ही लोगों में शामिल हैं, मध्य प्रदेश के विदिशा की रहने वाली एक फाइन आर्ट कलाकार, मंजू सोनी। इस फिल्म को देखने के बाद उनके दिल और दिमाग पर ऐसा असर हुआ कि उन्होंने सामान्य कलर का इस्तेमाल करने की जगह अपने ही खून को कैनवास पर उकेर कर 'द कश्मीर फाइल्स' फिल्म का पोस्टर बना डाला। जब यह पोस्टर फिल्म के डायरेक्टर विवेक अग्निहोत्री ने देखा तो वह समझ ही नहीं पा रहे थे कि इस पर प्रतिक्रिया किस तरह से दें।

'मंजू सोनी शत् शत् प्रणाम। आभार।'
मध्य प्रदेश के विदिशा की रहने वाली एक महिला 'द कश्मीर फाइल्स' फिल्म देखने के बाद इतनी भावनात्मक हो गईं कि उन्होंने अपने खून से उसका पोस्टर बना दिया है। जब इस फिल्म के डायरेक्टर विवेक अग्निहोत्री ने वह पेंटिंग देखी तो वे महिला कलाकार की भावना देखकर चकित रह गए। उन्होंने ही अपने ट्विटर हैंडल के जरिए वह पेंटिंग और तस्वीरें शेयर की हैं। विवेक ने पहले ट्वीट में तो उस पोस्टर के बारे में लिखा है- 'ओएमजी अविश्वसनीय'। मैं नहीं जानता कि क्या कहूं.....मंजू सोनी जी को कैसे धन्यवाद दूं। मंजू सोनी शत् शत् प्रणाम। आभार।'

हर दिन नए कीर्तिमान बना रही है 'द कश्मीर फाइल्स'
'द कश्मीर फाइल्स' फिल्म 1990 में कश्मीर घाटी से कश्मीरी पंडितों को बर्बरता के साथ उनके अपने ही घरों से अपने ही देश में बेदखल किए जाने की दर्दनाक इतिहास पर आधारित है। यह फिल्म बिना किसी भव्य प्रचार अभियान के कोविड महामारी के बाद बॉक्स ऑफिस पर रोजाना कोई नया कीर्तिमान स्थापित करती जा रही है। यह अबतक की सबसे बड़ी फिल्मों में से एक बनने की ओर लगातार आगे बढ़ रही है। अपने पहले ट्वीट में विवेक ने लोगों से यह भी अपील की कि अगर कोई इन्हें (मंजू सोनी को) जानता है तो प्लीज डायरेक्ट मैसेज में उनका कॉन्टैक्ट शेयर करें। लेकिन, इसके बाद उन्होंने एक और ट्वीट किया है, जो ज्यादा गंभीर है।

'दिल-दिमाग के तार खिंच गए'
दरअसल, 'द कश्मीर फाइल्स' फिल्म का अपने खून से पोस्टर बनाने वाली मंजू सोनी मध्य प्रदेश के विदिशा की आर्टिस्ट हैं और वह अपना फाइन आर्ट इंस्टीट्यूट भी चलाती हैं। उन्होंने बताया है कि 'द कश्मीर फाइल्स' देखने के बाद उनके 'दिल-दिमाग के तार खिंच गए'। इसके बाद उन्हें कुछ अलग करने का इरादा हुआ। उनका कहना है कि पेंटिंग तो हजारों बन सकती हैं, लेकिन इस फिल्म को देखकर कुछ नया करने का मन में विचार पैदा हुआ।

ऐसी कोशिश ना करें- विवेक अग्निहोत्री
हालांकि, विवेक अग्निहोत्री ने इस पोस्टर को देखने के बाद एक और ट्वीट किया है जिसमें उन्होंने लिखा है, 'हालांकि, मैं भावना की कद्र करता हूं लेकिन, मैं बहुत ही गंभीरता से लोगों से आग्रह करता हूं कि इस तरह की कोई कोशिश ना करें। यह बिल्कुल सही नहीं है।' गौरतलब है कि इस फिल्म के निर्माण के लिए फिल्मकार को दुनियाभर से सराहा जा रहा है, लेकिन विवेक अग्निहोत्री ने हाल ही में खुलासा किया है कि किस तरह से इसके लिए उन्हें धमकियां तक मिली हैं। उन्होंने बॉलीवुड हंगामा से कहा है कि दो लड़के हाल ही में उनके ऑफिस में घुस आए और उनकी महिला मैनेजर को धक्का दिया। इस दौरान वे और उनकी पत्नी पल्लवी जोशी वहां मौजूद नहीं थे। खतरे को देखते हुए सरकार ने इन्हें वाई-श्रेणी की सिक्योरिटी उपलब्ध करवाई है।
'द कश्मीर फाइल्स' 207 करोड़ से ज्यादा की कमाई
इस बीच 'द कश्मीर फाइल्स' के खिलाफ एक खास वर्ग की ओर से खासकर सोशल मीडिया पर चल रहे मुहिम के बावजूद इसे बॉक्स ऑफिस पर रोकना नाममुकिन हो चुका है। रिलीज होने के दो हफ्ते के अंदर ही यह फिल्म बिना प्रमोशन पर करोड़ों रुपये फूंके हुए 200 करोड़ के क्लब से भी आगे निकल चुकी है। रिलीज होने के बाद 14दिनों में यह फिल्म 207.57 करोड़ रुपये कमा चुकी है। मूवी क्रिटिक और ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श आज सुबह ट्वीट करके बताया कि पहले हफ्ते इस फिल्म की कमाई 97.30 करोड़ रुपये रही। दूसरे हफ्ते में 110.03 करोड़ रुपये कमाया। इस तरह से कुल कमाई 207.33 करोड़ रुपये हुई। दूसरे हफ्ते में ग्रोथ 13.08% दर्ज किया गया। (महिला और उसके खून से बनाई पेंटिंग की तस्वीर सौजन्य: विवेक अग्निहोत्री के ट्विटर हैंडल से)












Click it and Unblock the Notifications