तेलंगाना में बारिश का कहर, मकान की छत गिरने से एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत
नई दिल्ली। तेलंगाना के नगरकुरनूल में शनिवार रात मकान की छत ढहने से एक ही परिवार के पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे में एक अन्य घायल बताया जा रहा है। नगरकुरनूल के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शाकिर हुसैन ने जानकारी दी है कि देर रात करीब एक बजे भारी बारिश के चलते गिली हुई मिट्टी की छत परिवार वालों पर गिर गई। मलबे के नीचे दबने की वजह से तीन महिलाओं और दो लड़कियों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक घायल हो गया।

मीडिया रिपोर्ट से मिली जानकारी के मुताबिक तेलंगाना में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते यह हादसा हुआ। छत कच्ची थी और बारिश की वजह से काफी गीली हो चुकी थी। बताया जा रहा है कि परिवार के एक सदस्य की पहली पुण्यतिथि पर शनिवार को परिवार को 9 सदस्य इकट्ठा हुए थे, उनसे से आठ लोग एक ही कमरे में सो रहे थे। जबकि एक शख्स कमरे के बाहर सो रहा था।
जिस दौरान छत गिरी, सभी लोग गहरी नींद में सो रहे थे। मौके पर ही पांच महिलाओं की मौत हो गई, घायल का इलाज चल रहा है। शाकिर हुसैन ने बताया कि घटना स्थल पर पुलिस रात में ही पहुंच गई थी, स्थानीय लोगों की मदद से मलबे के नीचे दबे शवों को बाहर निकाला गया। फिलहाल सभी मृतकों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। बता दें कि पिछले एक सप्ताह के भीतर अब तक भारी बारिश से संबंधित घटनाओं में 50 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात हैं।
यह भी पढ़ें: बंगाल की खाड़ी में बना लो प्रेशर एरिया हुआ ताकतवर, WB समेत देश के कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी












Click it and Unblock the Notifications