तेलंगाना: महिला ने IPS पति पर लगाया शोषण और तलाक के लिए दबाव डालने का आरोप
हैदराबाद। तेलंगाना में एक ट्रेनी आईपीएस अफसर पर उनकी पत्नी ने उत्पीड़न और आपराधिक धमकी देने का आरोप लगाया है। पत्नी का कहना है कि उनके पति उनपर जबरन तलाक देने का दबाव डाल रहे हैं। 28 साल की महिला ने पुलिस को बताया कि कॉलेज के दिनों से इन दोनों के बीच अफेयर था और पिछले साल फरवरी में दोनों शादी के बंधन में बंधे थे।

महिला के आईपीएस पति ने कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग में स्नातक किया है और इसके बाद आईआईटी बॉम्बे से पोस्ट ग्रैजुएशन किया। भावना ने बताया कि इस साल से ही दोनों के बीच रिश्ते खराब होने लगे। महिला ने आरोप लगाया कि जैसे ही महेश्वर रेड्डी ने सिविल सर्विसेज की परीक्षा पास की, उनका व्यवहार बदल गया। रेड्डी को परीक्षा में 126वीं रैंक मिली थी। इसके बाद से दोनों के रिश्तों में खटास आने लगी।
पुलिस इंस्पेक्टर पी. भिक्षापति राव ने महिला की शिकायत के आधार पर बताया कि सिविल सर्विसेज की परीक्षा पास करने के बाद रेड्डी ने अपना मन बदल लिया है। भावना द्वारा पुलिस में दी गई शिकायत के मुताबिक, 'जब से रेड्डी को भारतीय पुलिस सेवा के लिए चुना गया, उन्होंने मुझे तलाक देने के लिए मजबूर करना शुरू कर दिया, ताकि वह दूसरी महिला से शादी कर सकें।' हालांकि, ट्रेनिंग में होने के कारण आईपीएस अफसर की टिप्पणी नहीं ली जा सकी है।
भावना का कहना है कि उनके पति ने शादी के बारे में अपने माता-पिता को भी नहीं बताया है। महिला ने कहा,'जब भी उनसे शादी के बारे में माता-पिता को बताने की बात कहती, वे टाल देते थे। आईपीएस के लिए चयनित होने के बाद उन्होंने बताया कि उनके माता-पिता शादी के लिए रिश्ता ला रहे हैं, जिसपर मैं हैरान रह गई।' सोमवार को हैदराबाद की रचनकोंडा पुलिस ने ट्रेनी आईपीएस अफसर के खिलाफ केस दर्ज किया है।












Click it and Unblock the Notifications