तेलंगाना: YSRTP चीफ शर्मिला ने पुलिसकर्मी को मारा थप्पड़, पुलिस ने लिया हिरासत में
YSRTP चीफ शर्मिला विवादों में आ गई हैं। उन्होंने हैदराबाद में एक पुलिसकर्मी को थप्पड़ जड़ दिया। जिसका वीडियो वायरल हो रहा है।

YSR तेलंगाना पार्टी (YSRTP) की प्रमुख और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री जगन मोहन रेड्डी की बहन वाईएस शर्मिला ने हैदराबाद में एक पुलिसकर्मी को थप्पड़ मार दिया। जिसके बाद उनको हिरासत में लिया गया है। इसका एक वीडियो भी वायरल हो रहा।
दरअसल TSPSC पेपर लीक मामले में शर्मिला SIT ऑफिस जा रही थीं। तभी तेलंगाना पुलिस की टीम उनके घर पहुंची। पुलिसकर्मी उन्हें हिरासत में लेना चाहते थे, ऐसे में वो उनकी गाड़ी के आगे खड़े हो गए। शर्मिला फिर भी नहीं रुकीं और उन्होंने ड्राइवर को गाड़ी आगे बढ़ाने को कहा।
पुलिसकर्मियों के आगे खड़े होने के बावजूद ड्राइवर गाड़ी को बढ़ाता रहा, इस पर एक पुलिसकर्मी ड्राइवर के पास पहुंचा। उसने गेट खोला और ड्राइवर को खींचकर बाहर निकाला। जिसे देख शर्मिला का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। वो तुरंत गाड़ी से बाहर निकलीं और उस पुलिसकर्मी के पास जा पहुंचीं।
उन्होंने उसे तुरंत एक थप्पड़ जड़ दिया। इस पर पुलिसकर्मी भी उनसे बहस करने लगा। जिस पर शर्मिला लगातार उससे बदसलूकी करती रहीं। बाद में महिला कॉन्स्टेबल ने उनको काबू में किया। साथ ही पुलिस टीम उनको थाने लेकर गई।
क्यों जा रही थीं SIT दफ्तर?
शर्मिला का आरोप है कि TSPSC पेपर लीक केस में कोई एक्शन नहीं हो रहा है। इस मामले में सीएम ने भी कोई मीटिंग नहीं की, जबकि डेढ़ महीने से ज्यादा का वक्त निकल गया है। ऐसे में वो अपना विरोध दर्ज करवाने SIT दफ्तर जा रही थीं।
मां भी थाने पहुंची
तेलंगाना पुलिस शर्मिला को लेकर जुबली हिल्स पुलिस स्टेशन पहुंची थी। वहां पर कुछ ही देर में उनकी मां वाईएस विजयम्मा भी पहुंच गईं। उनकी भी पुलिसकर्मियों से खूब बहस हुई।
आरोप है कि वाईएस विजयम्मा ने भी पुलिसकर्मियों से बदसलुकी की है। पुलिस स्टेशन के बाहर उनके समर्थक भी इकट्ठा हो गए। फिलहाल वहां पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है।












Click it and Unblock the Notifications