भारत जोड़ो यात्रा के बीच कांग्रेस को तगड़ा झटका, इस राज्य में 12 PCC सदस्यों ने दिया इस्तीफा
राजस्थान में पहले ही अंतकर्लह से जूझ रही कांग्रेस को अब तेलंगाना में भी पार्टी नेताओं की बगावत का सामना करना पड़ रहा है। हाल ही में बनाई गई प्रदेश कांग्रेस कमेटी के 12 सदस्यों ने एक साथ इस्तीफा दे दिया है।

Telangana Congress Crisis: पहले ही अंतर्कलह से जूझ रही कांग्रेस को राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के बीच तेलंगाना राज्य में एक बड़ा झटका लगा है। तेलंगाना में हाल ही में गठित की गई प्रदेश कांग्रेस कमेटी के 12 सदस्यों ने इस्तीफा दे दिया है। बताया जा रहा है कि इन नेताओं ने ये आरोप लगाते हुए अपना इस्तीफा दिया है कि पार्टी के सीनियर और वफादार नेताओं को दरकिनार कर बाहरी नेताओं को पद दिए गए हैं। 12 नेताओं के एक साथ इस्तीफे से तेलंगाना कांग्रेस की अतर्कलह अब खुलकर सामने आ गई है।
अपने इस्तीफे में इन नेताओं ने यह भी लिखा है कि मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव (केसीआर) प्रदेश में तानाशाही से सरकार चला रहे हैं। और, केसीआर को तेलंगाना की सत्ता से हटाने के लिए एक मजबूत संघर्ष की जरूरत थी। इस्तीफा देने वाले कांग्रेस नेताओं में तेलंगाना के विधायक सीतक्का भी शामिल हैं।
'कमेटी में 50 फीसदी नेता बाहरी'
अपनी चिट्ठी में इन नेताओं ने आगे लिखा है कि लोकसभा सांसद उत्तम कुमार रेड्डी ने आरोप लगाया था कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नए सदस्यों में से 50 फीसदी से ज्यादा ऐसे नेता हैं, जो हाल ही में पूर्व मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू की तेलुगु देशम पार्टी छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए हैं। इस्तीफा देने वाले नेताओं ने कहा कि पार्टी के इस फैसले से, वो नेता निराश हुए हैं, जो पिछले करीब 6 साल से कांग्रेस के लिए काम कर रहे थे।
इन नेताओं ने दिए इस्तीफे
तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस कमेटी के जिन सदस्यों ने इस्तीफा दिया है, उनमें विजयरमन राव, वजरेश यादव, विधायक सीतक्का, प्रदेश कार्यकारी समिति के सदस्य वेम नरेंद्र रेड्डी, दोमती सांबैया, उपाध्यक्ष कव्वमपल्ली सत्यनारायण, करीमनगर के डीसीसी अध्यक्ष सुभाष रेड्डी, चरकोंडा वेंकटेश, सत्तू मल्लेश, पटेल रमेश रेड्डी, शशिकला यादव और चिलुका मधुसूदन रेड्डी का नाम शामिल है।
इस्तीफा देने वाले नेताओं ने कहा, 'सोनिया गांधी के प्रति हमारे मन में श्रद्धा थी, क्योंकि तेलंगाना को बनाने वाली वही थीं, और इसी वजह से वो कांग्रेस में शामिल हुए। लेकिन, यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि कुछ नेताओं ने हमें और पार्टी को मजबूत करने की हमारी कोशिशों को ही निशाना बनाया।'












Click it and Unblock the Notifications