दफ्तर के बाहर परेशान बुजुर्ग को देख जमीन पर ही बैठ गए डीएम, वहीं सुनी पूरी बात, तस्वीर हो रही वायरल
नई दिल्ली। तेलंगाना के भुपलपल्ली जिले के डीएम की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। तस्वीर में डीएम दफ्तर के बाहर जमीन पर बैठे हैं और सामने एक बुजुर्ग महिला बैठी है। डीएम महिला से उसकी तकलीफ के बारे में जान रहे हैं। इसी दौरान किसी ने उनकी तस्वीर ले ली, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। भुपलपल्ली डीएम अब्दुल अजीम के इस अच्छे बर्ताव को लेकर उनकी सोशल मीडिया पर खूब तारीफ हो रही है।

दफ्तर के बाहर खड़ी थीं बुजुर्ग महिला
डीएम अब्दुल अजीम की ये तस्वीर बुधवार को है। अजीम बुधवार सुबह अपने दफ्तर में जा रहे थे तो बाहर खड़ी बुजुर्ग महिला को देखकर रुक गए। उन्होंने बुजुर्ग महिला से पूछा कि वो यहां क्यों खड़ी हैं। महिला नहीं जानती थी कि सामने डीएम हैं, ऐसे में उसने कहा कि वो अफसरों का इंतजार कर रही है क्योंकि वो अपनी पेंशन को लेकर परेशान हैं। इस पर अजीम ने उनसे कागज दिखाने को कहा तो महिला ने कागज दिखाए। महिला इस दौरान सीढ़ियों पर ही बैठ गई तो वो खुद भी बैठ गए। इसके बाद महिला ने उनसे शिकायत करते हुए बताया कि वो कई चक्कर लगा चुकी लेकिन पेंशन नहीं मिल रही है।

डीएम ने डीआरडीओ को अपने दफ्तर में बुलवाया
महिला ने बताया कि दो साल से पेंशन के लिए भटक रही है लेकिन अफसर सुनते नहीं, यहां से वहां भेज देते हैं। इस पर डीएम ने कहा कि वो यहीं रुकें, उनका काम आज ही होगा। डीएम ने डीआरडीओ को अपने दफ्तर में ही बुलवा लिया और कागज ठीक होने के बावजूद उनको पेंशन ना मिलने की वजह पूछी। डीआरडीओ को तुरंत ही पेंशन जारी करने का आदेश डीएम ने दिया।

डीएम की हो रही तारीफ
डीएम ने जब महिला को डीआरडीओ के कार्यालय जाकर अपनी पेंशन ले लेने के लिए कहा तो बुजुर्ग महिला ने उनसे पूछा कि वो कलेक्ट्रेट में क्या करते हैं। इस पर अजीम ने बताया कि वो जिले के डीएम हैं। अब हर महीने उनको पेंशन मिलती रहेगी। आसपास के लोगों के अलावा सोशल मीडिया पर भी डीएम अजीम की खूब तारीफ हो रही है।












Click it and Unblock the Notifications