Tejas Crash : 'मैं तो यूट्यूब पर बेटे का एयर शो खोज रहा था', फूट-फूट कर रो पड़े नमांश स्याल के पिता
Tejas Crash News: दुबई एयर शो का उत्साह उस वक्त मातम में बदल गया जब तेजस फाइटर जेट दुर्घटनाग्रस्त हो गया और इस हादसे में भारतीय वायुसेना के विंग कमांडर नमांश स्याल शहीद हो गए और इससे पीड़ादायक बात ये है कि स्याल के पिता जगन नाथ स्याल को बेटे के मौत की खबर यूट्यूब से मिली। वो एयर शो देखने के लिए जब यूट्यूब पर वीडियो खोज रहे थे कि तभी उन्हें हादसे वाला वीडियो मिला, जिसमें ये बताया जा रहा था कि तेजस फाइटर जेट हादसे का शिकार हुआ है।
इस बारे में बात करते हुए रिटायर्ड स्कूल प्रिंसिपल जगननाथ स्याल ने कहा कि 'एक दिन पहले ही बेटे से बात की थी, उसने मुझसे कहा था कि पापा मेरी परफॉर्मेंस टीवी या यूट्यूब पर जरूर देखना', इसलिए शुक्रवार शाम चार बजे में यूट्यूब पर वीडियो खोजने लग गया और तभी मुझे हादसे की सूचना मिली।

'मैं कुछ समझ पाता कि थोड़ी देर में ही छह वायुसेना अधिकारी मेरे घर पहुंचे, मुझे लग गया था कि कुछ बहुत बड़ी अनहोनी हो गई है लेकिन ये नहीं सोच नहीं पा रहा था कि बेटा चला गया, ये कहते हुए स्याल फूट- फूटकर रो पड़े।'
'विंग कमांडर नमांश हिमाचल के रहने वाले थे' (Tejas Crash)
किसी बाप के लिए इससे दुखद बात क्या हो सकती है कि उसे अपने सामने बेटे की मौत देखनी पड़े। इस खबर के सामने आते ही जगननाथ स्याल के घर में हाहाकार मच गया है। आपको बता दें कि 37 साल के विंग कमांडर नमांश स्याल मूल रूप से हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के रहने वाले थे।
नमांश स्याल की पत्नी भी वायुसेना में
24 दिसंबर 2009 को भारतीय वायु सेना में उन्हें कमीशन दिया था और वो अनुभवी पायलटों में से एक थे, उनकी पत्नी भी भारतीय वायुसेना में हैं और कोलकाता में ट्रेनिंग कर रही रहीं, इस कपल को 7 साल की बेटी आर्या है, जो इस वक्त दादा-दादी के पास है।
हिमाचल समेत पूरा देश इस वक्त शोक में डूबा हुआ (Tejas Crash)
उनके पिता भी भारतीय सेना की मेडिकल कोर में काम कर चुके हैं, जो कि बाद में प्रधानाचार्य के पद से रिटायर हुए हैं। नमांश का परिवार इस समय कोयंबटूर में है। आपको बता दें कि हिमाचल समेत पूरा देश इस वक्त शोक में डूबा हुआ है, मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने जताया शोक
उन्होंने एक्स पर लिखा कि 'दुबई एयर शो में हुए तेजस विमान हादसे में हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा ज़िला के वीर सपूत स्याल के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद और हृदयविदारक है। देश ने एक बहादुर, कर्तव्यनिष्ठ और साहसी पायलट खो दिया है। शोकाकुल परिवारजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएँ प्रकट करता हूं। वीर सपूत स्याल जी की अदम्य वीरता, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण को हृदय से नमन।'












Click it and Unblock the Notifications