तेजप्रताप के तलाक में नया मोड़, अब 'तेजप्रताप' ने उठाई मामला सुलझाने की जिम्मेदारी
लालू यादव की बिगड़ती तबीयत और परिवार की नाकाम कोशिशों के बीच अब एक 'खास शख्स' ने तेजप्रताप यादव को समझाने का बीड़ा उठाया है।
नई दिल्ली। पत्नी से तलाक लेने का फैसला लेने के बाद आरजेडी नेता और लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव हफ्तों से अपने घर से दूर हैं। वृंदावन और मथुरा में कृष्ण भक्ति में लीन तेजप्रताप यादव पत्नी से तलाक के मामले पर किसी की सुनने को तैयार नहीं हैं। घरवालों से दो टूक कह दिया है कि आंगन में कदम तभी रखेंगे, जब उनकी तलाक की बात मानी जाएगी। पिता लालू प्रसाद यादव की बिगड़ती तबीयत और परिवार की नाकाम कोशिशों के बीच अब एक खास शख्स ने तेजप्रताप यादव को समझाने का बीड़ा उठाया है। इस शख्स का नाम है तेजप्रताप यादव।

तेजप्रताप को समझाएंगे जीजा तेजप्रताप
दरअसल, तेजप्रताप यादव लगातार अपनी मांग पर अड़े हुए हैं कि वो पत्नी ऐश्वर्या से तलाक लेकर ही रहेंगे। तेजस्वी से लेकर लालू यादव तक इस मामले में अपने स्तर से कोशिश कर चुके हैं लेकिन तेजप्रताप पीछे हटने को तैयार नहीं हैं। मां राबड़ी देवी दिल्ली गईं तो लगा कि दोनों की मुलाकात से तेजप्रताप यादव शायद पिघल जाएं और घर लौट आएं, लेकिन पटना लौटकर राबड़ी देवी ने केवल इतना ही कहा कि उनका बेटा बहुत जल्द घर लौट आएगा। इन सारी कोशिशों के बीच अब तेजप्रताप यादव के सबसे छोटे जीजा और सपा सांसद तेजप्रताप यादव ने मामला सुलझाने की जिम्मेदारी उठाई है। आरजेडी से जुड़े करीबी सूत्रों का कहना है कि सपा सांसद तेजप्रताप अपने साले तेजप्रताप को समझाने की कोशिश में लगातार जुटे हुए हैं।

लालू की छोटी बेटी राजलक्ष्मी के पति हैं तेजप्रताप
आपको बता दें कि तेजप्रताप यादव मुलायम सिंह यादव के पोते और लालू प्रसाद यादव की छोटी बेटी राजलक्ष्मी के पति हैं। यूपी की मैनपुरी लोकसभा सीट से सांसद तेजप्रताप की शादी लालू प्रसाद यादव की बेटी राजलक्ष्मी के साथ 26 फरवरी 2015 को हुई थी। 2014 के लोकसभा चुनाव में मुलायम सिंह यादव दो सीटों मैनपुरी और आजमगढ़ से लोकसभा चुनाव जीते थे, जिसके बाद उन्होंने मैनपुरी सीट से इस्तीफा दिया था। खाली हुई मैनपुरी सीट पर हुए उपचुनाव में तेजप्रताप ने जीत हासिल की थी। लालू प्रसाद यादव के परिवार से जुड़े सूत्रों की मानें तो तेजप्रताप के तलाक के मामले को लेकर सपा सांसद तेजप्रताप यादव चाहते हैं कि पति-पत्नी साथ रहें और इसके लिए वो पिछले कुछ दिनों से तेजप्रताप के संपर्क में हैं।

कब होगी तेजप्रताप की घर वापसी?
इससे पहले सोमवार को आईआरसीटीसी के टेंडर घोटाले के मामले में कोर्ट में पेशी के लिए दिल्ली आईं राबड़ी देवी से भी बेटे तेजप्रताप यादव की मुलाकात के कयास लगाए जा रहे थे। दिल्ली में लालू प्रसाद यादव के दामाद राहुल तेजप्रताप और मां राबड़ी देवी की मुलाकात कराने की कोशिश में लगे हुए थे। पेशी के बाद दिल्ली से पटना लौटीं राबड़ी देवी से जब तेजप्रताप यादव को लेकर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने कहा, 'हमारा बेटा तेजप्रताप यादव हमारी बात जरूर मानेगा और बहुद जल्द घर लौट आएगा।' हालांकि तेजप्रताप से दिल्ली में राबड़ी देवी की मुलाकात हुई या नहीं हुई, इस बारे में उन्होंने मीडिया को कुछ नहीं बताया। कहा यह भी जा रहा है कि तेजप्रताप यादव 23 नवंबर को बिहार लौट सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications