तमिलनाडु के शख्स का आरोप, हिन्दी ना बोल पाने के चलते मुंबई एयरपोर्ट पर हुई बदसलूकी
मुंबई। तमिलनाडु के एक शख्स ने हिन्दी ना बोल पाने की वजह से मुंबई एयरपोर्ट पर अपने साथ बदसलूकी किए जाने का आरोप लगाया है। इनका कहना है कि वो सिर्फ तमिल और अंग्रेजी जानते हैं हिन्दी नहीं इस पर मुंबई एयरपोर्ट पर इमिग्रेशन अधिकारी ने उनके साथ खराब बर्ताव किया। अब्राहम सैमुअल नाम के इस शख्स ने ट्विटर पर मंगलवार रात को मुंबई के छत्रपति शिवाजी एयरपोर्ट पर अपने साथ खराब बर्ताव की बात बताई।

अब्राहम ने ट्विटर पर लिखा कि छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर आप्रवासन अधिकारी ने उनके साथ खराब भाषा इस्तेमाल की और उनके आपत्ति दर्ज कराने के बावजूद उन्हें नीचा दिखाना जारी रखा।
सैमुअल ने विदेश मंत्री सुषमा स्वराज को टैग करते हुए ट्विटर पर लिखा कि मेरी फ्लाइट रात एक बजे थी नहीं तो मैं इस अधिकारी की आधिकारिक शिकायत करता। ऐसे लोग कैसे अहम पदों पर हैं। एयरपोर्ट के काउंटर नंबर 33 पर आप्रवासन अधिकारी का व्यवहार खराब था। हिंदी नहीं जानने की वजह से आखिर कैसे परेशान किया जा सकता है।
सैमुअल की शिकायत पर काउंटर पर तैनात अधिकारी को ड्यूटी से हटा दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। घटना गुरुवार दोपहर की बताई गई है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications