निजामुद्दीन मरकज से गए तमिलनाडु के 50 लोगों का कोरोना टेस्ट पॉजिटिव
नई दिल्ली। दिल्ली के निजामुद्दीन स्थित मरकज में तब्लीगी जमात के कार्यक्रम में हिस्सा लेने वाले तमिलनाडु के 50 लोग कोरोना से संक्रमित पाए गए हैं। तमिलनाडु की हेल्थ सेक्रेटरी बीला राजेश ने बताया है कि राज्य के जो लोग निजामुद्दीन गए थे, उनकी पहचान कर जांच की गई। टेस्ट के बाद इनमें 50 लोगों के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की बात सामने आई है।
Recommended Video

बीला राजेश ने बताया है कि निजामुद्दीन मरकज में हुए जमात के प्रोग्राम में तमिलनाडु के करीब 1500 लोग शामिल हुए थे। इनमें से 1130 ही राज्य में लैटे हैं, बाकी दिल्ली में हैं। इनमें से प्रशासन ने अलग-अलग जिलों में रहने वाले 515 लोगों की पहचान की है। सभी लोगों को आईसोलेट किया गया है और टेस्ट किया जा रहा है। अब तक 50 लोग पॉजिटिव हैं। तमिलनाडु में कोरोना पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या अब 124 हो गई है।
निजामुद्दीन में 1 से 15 मार्च के बीच तब्लीगी जमात का जलसा था। इस दौरान ना सिर्फ भारत बल्कि दुनियाभर से लोग यहां जुटे थे। काफी लोग देश के अलग-अलग हिस्सों में गए जबकि करीब एक हजार लोग यहीं रह गए। इसके बाद लॉकडाउन हो गया और कोई कहीं नहीं जा सका। रविवार को मरकज में रह रहे लोगों में कोरोना के लक्षण देखे गए, इसके बाद सोमवार को दिल्ली के स्वास्थ्य विभाग ने एक हजार ये ज्यादा लोगों को यहां निकाला। 334 को अस्पतालों में भर्ती कराया गया है और 700 को क्वारंटाइन केंद्र भेजा गया है। इनमें 24 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं।
मरकज में रह रहे लोगों में 24 के नमूने पॉजिटिव आने के बाद देशभर में इसलिए फिक्र का माहौल है क्योंकि लोग यहां से जमात में शामिल होकर अलग-अलग शहरों में गए हैं। यहां से गए लोगों में अंडमान, तेलंगना, तमिलनाडु समेत कई जगहों पर कोरोना का मामला सामने आ भी चुका है। ऐसे में सभी राज्य सरकारें मरकज से गए लोगों को तलाश कर टेस्ट करा रही हैं।












Click it and Unblock the Notifications