पीएम मोदी पर चूड़ियां फेंकनी वाली महिला को कांग्रेस दे सकती है टिकट
अहमदाबाद। निलंबित शिक्षिका और कॉन्ट्रैक्ट ऐंड फिक्स्ड सैलरी स्ट्रगल्स कमिटी की महिला शाखा की अध्यक्ष चंद्रिका सोलंकी को कांग्रेस वडोदरा से विधानसभा चुनावों टिकट दे सकती है। आपको बता दें कि चंद्रिका सोलंकी उस समय चर्चा में आ गई थीं जब उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी के वडोदरा रोड शो के दौरान पीएम मोदी पर चूड़ियां फेंकी थी। जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया था।

समान वेतन के लिए आंदोलन चला रही हैं चंद्रिका
इस घटना के बाद जिग्नेश मेवाणी ने वीडियो ट्वीट करके दावा किया था, 'गुजरात की यह क्रांतिकारी वीरांगना चंद्रिका सोलंकी ने 45 हजार आशा वर्कर बहनों को न्यूनतम वेतन नहीं देने पर आज मोदी के मुंह पर चूड़ियां फेंकीं।' चंद्रिका राज्य में हेल्थ ऐक्टिविस्ट (आशा वर्कर्स) के समान अधिकार और समान वेतन के लिए आंदोलन चला रही हैं। चंद्रिका सोलंकी के साथ ही कॉन्ट्रैक्ट ऐंड फिक्स्ड सैलरी स्ट्रगल्स कमिटी के नेता और चंद्रिका के पति रजनीकांत सोलंकी को भी हिरासत में लिया गया था। उग्र प्रदर्शन के दौरान आशा वर्कर्स ने कथित तौर पर वडोदरा जिला कलेक्ट्रेट में पोस्टर फाड़े थे। गुजरात में आशा कार्यकर्ता सैलरी बढ़ाने की मांग को लेकर आंदोलन कर रही थीं और सरकार ने उनके वेतन में बढ़ोतरी की है।

राहुल गांधी से मिली चंद्रिका
चंद्रिका 8 नवंबर को वलसाड जिले के धरमपुर में आयोजित राहुल गांधी की एक रैली में भी पहुंची थीं और कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी से मिली थीं। राहुल गांधी उनके खासे प्रभावित थे। स्थानीय मीडिया के मुताबिक कांग्रेस चंद्रिका को वडोदरा से टिकट देने की तैयारी कर ही है। अहमदाबाद मिरर की माने तो चंद्रिका ने तालुका अधिकारियों से अपना इस्तीफा सौंप दिया है और इसे स्वीकार करने का इंतजार कर रहीं हैं।

चंद्रिका को सर्वश्रेष्ठ शिक्षक का पुरस्कार
चंद्रिका को सर्वश्रेष्ठ शिक्षक का पुरस्कार भी मिल चुका है। छोटा उदयपुर के संखेड़ा तालुका के कोटाली गांव के प्राइमरी स्कूल में वह तैनात थीं। इस स्कूल में वह 2001 से पढ़ा रही थीं।












Click it and Unblock the Notifications