सुषमा स्वराज का नेपाल दौरा: वामपंथी सरकार से होगी पहली बार द्विपक्षीय मुलाकात
नई दिल्ली। भारतीय विदेश मंत्री सुषमा स्वराज गुरुवार को दो दिन के लिए नेपाल रवाना हो रही हैं। नेपाल में नई वामपंथी सरकार बनने के बाद भारत सरकार की ओर से यह पहली यात्रा है। नेपाल में लेफ्ट की सरकार बनने के बाद चीन की तरफ झुकाव को लेकर कयास लगाए जा रहे हैं। अपनी यात्रा के दौरान स्वराज सीपीएन-यूएमएल के प्रमुख और पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली से भी मुलाकात करेंगी। बता दें कि केपी ओली ने नेपाल में आम चुनाव के वक्त भारत की कड़ी आलोचना की थी।

नेपाल में 2016 में राजनीतिक उठापठक के लिए केपी ओली ने भारत को जिम्मेदार ठहराते हुए, कड़ी आलोचना की थी। पिछले साल नेपाल में आम चुनाव के वक्त लेफ्ट के नेताओं ने भारत पर जमकर हमला बोला था। नेपाल और भारत के बीच 2015 में रिश्तों में खटास देखने को मिली थी, जब मधेसी आंदोलन के दौरान नई दिल्ली ने काठमांडू जाने वाले रोड़ ब्लॉक कर दिए थे।
नेपाल में लेफ्ट की जीत के बाद पीएम मोदी ने केपी शर्मा ओली को फोन कर बधाई भी दी थी। पीएम मोदी ने ओली को भारत आने का न्यौता भी दिया था। रणनीतिक हिसाब से भारत के लिए महत्वपूर्ण देश नेपाल के साथ बीते साल आई रिश्तों में खटास को कम करने के लिए और काठमांडू व बीजिंग के बीच बढ़ती नजदीकियों को देखते हुए स्वराज का यह दौरा बहुत अहम माना जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications