प्रणब मुखर्जी के RSS के कार्यक्रम में जाने पर शिंदे ने दिया बड़ा बयान
नई दिल्ली। पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने जिस तरह से आरएसएस के कार्यक्रम में शामिल होने के निमंत्रण को स्वीकार किया है, उसके बाद वह लगातार सुर्खियों में हैं। एक तरफ जहां कई कांग्रेस के नेता इस मुद्दे पर चुप्पी साधे हुए हैं, तो कुछ नेता कह रहे हैं कि प्रणब मुखर्जी को आरएसएस के कार्यक्रम में आरएसएस को आईना दिखाना चाहिए। लेकिन कांग्रेस के दिग्गज नेता सुशील कुमार शिंदे ने प्रणब मुखर्जी के आरएसएस के निमंत्रण को स्वीकार करने पर कहा कि इसमे कुछ गलत नहीं है क्योंकि वह एक धर्म निरपेक्ष व्यक्ति हैं और बहुत अच्छे विचारक हैं।

शिंदे ने जताई सुधार की इच्छा
पूर्व गृहमंत्री शिंदे ने कहा कि प्रणब मुखर्जी एक धर्मनिरपेक्ष व्यक्ति हैं, उन्होंने हमेशा से ही इसी विचारधारा को आगे रखा है और वह आरएसएस के कार्यक्रम में भी ऐसा ही करेंगे। शिंदे ने कहा कि आरएसएस के कार्यक्रम में प्रणब मुखर्जी का संबोधित करना बहुत जरूरी है। उन्होंने कहा कि अगर प्रणब मुखर्जी के कार्यक्रम के बाद अगर आरएसएस में कुछ सुधार होता है तो मुझे बहुत खुशी होगी। आपको बता दें कि 7 जून को प्रणब मुखर्जी आरएसएस के कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे, यह कार्यक्रम आरएसएस के मुख्यालय नागपुर में होगा।
क्या कहा प्रणब मुखर्जी ने
गौरतलब है कि प्रणब मुखर्जी के कार्यक्रम के चलते कई कांग्रेस के नेताओं ने उन्हें पत्र लिखकर अपने फैसले पर फिर से विचार करने के लिए कहा था। इस मुद्दे पर चुप्पी तोड़ते हुए प्रणब मुखर्जी ने कहा कि मुझे जो कुछ भी कहना है वह मैं नागपुर में कहूंगा। मुझे इस संबंध में कई पत्र मिले हैं और कई कॉल भी आई लेकिन मैंने अभी तक किसी को भी जवाब नहीं दिया है।
कई कांग्रेस नेताओं ने की अपील
आपको बता दें कि केरल में विधानसभा में कांग्रेसी दल के नेता रमेश थेन्नीथाला ने कहा कि, प्रणब मुखर्जी के इस फैसले से सेक्युलर विचारधारा के लोगों को झटका लगेगा। पूर्व राष्ट्रपति के आरएसएस के कार्यक्रम में नहीं जाना चाहिए था। वहीं कांग्रेसी नेता जयराम रमेश ने कहा कि प्रणब मुखर्जी जैसे विद्वान और सेकुलर आदमी को RSS के साथ किसी तरह की नजदीकी नहीं दिखानी चाहिए। उनके कार्यक्रम में जाने का देश के सेक्युलर माहौल पर बहुत गलत असर पड़ेगा।












Click it and Unblock the Notifications