सुब्रमण्यम स्वामी ने सुशांत केस को लेकर किया बड़ा दावा, इस वजह से मुंबई पुलिस ने दर्ज नहीं की FIR
नई दिल्ली। बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले में मुंबई पुलिस बीते डेढ़ महीने से जांच कर रही है लेकिन पुलिस के हाथ अब भी खाली हैं। जिसके बाद सुशांत के पिता केके सिंह ने पटना में एफआईआर दर्ज करवाई है, इसके बाद बिहार पुलिस की टीम मुंबई में जांच कर रही है। बिहार पुलिस की जांच में कई अहम खुलासे हुए हैं। इस बीच भाजपा सांसद सुब्रमण्यम स्वामी ने ट्विटर पर बताया है कि आखिर क्यों मुंबई पुलिस ने इस मामले में अब तक एफआईआर दर्ज नहीं की है।

क्यों दर्ज नहीं की एफआईआर?
सुब्रमण्यम स्वामी ने ट्वीट करते हुए बताया कि मुंबई पुलिस ने सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले में अभी तक एफआईआर इसलिए दर्ज नहीं की है क्योंकि डॉक्टर अभी भी फॉरेंसिक विभाग से विसरा रिपोर्ट के आने का इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने ये भी कहा कि रिपोर्ट को पुष्टि के लिए अभी तक डॉक्टरों को सौंपा नहीं गया है। सुब्रमण्यम स्वामी ने कहा कि सुशांत की पोस्टमार्टम रिपोर्ट को भी 'अनंतिम' कहा गया है, ऐसा इसलिए क्योंकि फॉरेंसिक विभाग से अभी तक स्पष्टीकरण नहीं आया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट 'अनंतिम' है
उन्होंने अपने ट्वीट में कहा, 'सुशांत सिंह राजपूत केस में मुंबई पुलिस ने एफआईआर क्यों दर्ज नहीं की? क्यों पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर अनंतिम लिखा गया है? दोनों के पीछे का एक ही कारण है- अस्पताल के डॉक्टर अब भी सुशांत की विसरा रिपोर्ट का फॉरेंसिक डिपार्टमेंट से आने का इंतजार कर रहे हैं, ताकि ये पता चल सके कि कहीं उन्हें जहर तो नहीं दिया गया था। सुशांत के नाखूनों के सैंपल भी भेजे गए थे।' बता दें पोस्टमार्टम रिपोर्ट में ये सामने आया था कि सुशांत की मौत दम घुटने से हुई है। इसलिए अनंतिम रिपोर्ट को लेकर किया गया ये दावा काफी महत्वपूर्ण है।
Recommended Video

26 वजहों की लिस्ट शेयर की
इससे पहले सुब्रमण्यम स्वामी ने ट्विटर पर 26 वजहों की एक लिस्ट शेयर की थी। साथ ही उन्होंने कहा था कि उन्हें ऐसा लगता है कि सुशांत ने आत्महत्या नहीं की है बल्कि उनकी हत्या की गई है। सुब्रमण्यम स्वामी ने जो लिस्ट शेयर की थी, उसमें पॉइंट के हिसाब से आत्महत्या और हत्या की थियोरी बताई गई है। इस लिस्ट के अनुसार, अगर सुशांत सोशल मीडिया का इस्तेमाल नहीं कर रहे थे और डिप्रेशन में थे, फिर भी ऐसा हो सकता है कि उनकी हत्या की गई हो। इसके पीछे की वजह स्थान, उनके गले पर मिला निशान, कपड़े का इस्तेमाल, शरीर पर मिले निशान, कमरे की डुप्लीकेट चाबी गायब होना, उनकी मैनेजर दिशा की आत्महत्या, सिम कार्ड बदलना, आर्थिक परेशानी ना होगा, नौकरों का बार-बार बयान बदलना आदि बताई गई हैं।

रिया पर लगे हैं गंभीर आरोप?
वहीं दूसरी ओर सुशांत सिंह राजपूत के पिता केके सिंह ने पटना में रिया चक्रवर्ती के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई है। एफआईआर में रिया पर सुशांत को सुसाइड के लिए मजबूर करने और धोखाधड़ी करने सहित कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं। सुशांत के पिता ने रिया पर आरोप लगाया है कि रिया ने उनके बेटे की मानसिक हालत खराब की है। साथ ही वह सुशांत को दवा का ओवरडोज भी दे रही थी। सुशांत के अलग-अलग बैंक अकाउंट से 15 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए गए थे। रिया सुशांत की मौत के कुछ दिन पहले ही उनका घर छोड़कर चली गई और साथ में पैसे, लैपटॉप, जेवर, सुशांत के बैंक कार्ड्स, पिन और मेडिकल रिपोर्ट भी ले गई। उन्होंने रिया पर सुशांत के खिलाफ साजिश रचने का आरोप लगाया है।












Click it and Unblock the Notifications