मीडिया कवरेज को लेकर सुप्रीम कोर्ट पहुंचीं रिया, कहा- न्यूज चैनल मुझे दोषी घोषित कर चुके
मीडिया ट्रायल' के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट पहुंची रिया चक्रवर्ती,
नई दिल्ली। अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती ने एक्टर सुशांत सिंह राजपूत की मौत से जुड़े मामले में खुद को लेकर चल रही खबरों के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट का रुख किया है। रिया ने अपनी अर्जी में कहा है कि उनका मीडिया ट्रायल किया जा रहा है और ऐसी खबरें चलाई जा रही हैं, जिसमें उनके चरित्र पर सवाल किए जा रहे हैं। अपनी याचिका में रिया ने कहा है कि मीडिया में तो उनको दोषी घोषित किया जा चुका है। सुशांत सिंह राजपूत की मौत से जुड़े मामले में रिया कई आरोपों का सामना कर रही हैं। रिया कथित तौर पर सुशांत की गर्लफ्रेंड थीं।
Recommended Video

मेरा मीडिया ट्रायल हो रहा:रिया
अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती ने अपनी अर्जी में कहा है कि उनको लेकर जिस तरह की खबरें मीडिया में चल रही हैं, वो पक्षपातपूर्ण हैं। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट से कहा है कि जो हो रहा है, उसने उन्हें दिमागी तौर पर परेशान किया है। उनकी प्राइवेसी का सम्मान हो, अदालत इसको लेकर आदेश दे। रिया ने खुद को राजनीतिक एजेंडे के लिए बलि का बकरा बनाए जाने की भी बात सुप्रीम कोर्ट में कही है। सुशांत सिंह केस में ये रिया की सुप्रीम कोर्ट में दूसरी याचिका है। इससे पहले रिया ने अपने खिलाफ पटना में दर्ज मामले को मुंबई ट्रांसफर करने के लिए सुप्रीम कोर्ट में अर्जी दी थी।

सुशांत के पिता ने लगाए हैं रिया पर गंभीर आरोप
सुशांत के पिता ने 26 जुलाई को पटना के राजीव नगर पुलिस स्टेशन में रिया और उनके परिवार के 3 सदस्यों और 2 मैनेजरों के खिलाफ केस दर्ज करवाया था। उन्होंने पैसे वसूलने, ब्लैकमेल करने, आत्महत्या के लिए उकसाने और प्रताड़ना के आरोप लगाए थे। अपनी शिकायत में सुशांत के पिता ने कहा है कि रिया ने उनके बेटे को इस कदर दिमागी तौर पर परेशान किया कि उसकी जान चली गई।

सीबीआई और ईडी कर रही जांच
सुशांत सिंह 14 जून को अपने फ्लैट पर मृत पाए गए थे। जिसके बाद मुंभई पुलिस ने मामले की जांच शुरू की थी। हाल ही में बिहार सरकार की सिफारिश पर मामले की जांच सीबीआई को दे दी गई है। सीबीआई ने रिया चक्रवर्ती समेत 6 लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने, आपराधिक षड्यंत्र रचने, चोरी, धोखाधड़ी और धमकी देने समेत अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं ईडी भी मामले में रिया से पूछताछ कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications