SSR Case: सुब्रमण्यम स्वामी ने कहा सुशांत की डेडबॉडी की कोई तस्वीर नहीं, अब फैमिली फ्रेंड ने दिया जवाब
नई दिल्ली। भाजपा सांसद सुब्रमण्यम स्वामी शुरुआत से ही सुशांत सिंह राजपूत मामले में मुखर हैं। वह सोशल मीडिया के माध्यम से इस मामले में अपनी प्रतिक्रिया भी साझा करते हैं। उन्होंने हाल ही में इस केस को लेकर एक ट्वीट किया था, जिसमें उन्होंने ये दावा किया था कि सुशांत सिंह राजपूत की डेडबॉडी की कोई तस्वीर उपलब्ध नहीं है। अब उनके इसी दावे पर सुशांत के फैमिली फ्रेंड नीलोत्पल मृणाल का जवाब आ गया है। उन्होंने स्वामी के इस दावे का खंडन किया है। नीलोत्पल मृणाल ने कहा है, 'बेशक, हमने अंतिम संस्कार करने से पहले सुशांत का शव देखा था और तस्वीरें भी ली गई थीं। वो तस्वीरें उनके परिवार के पास हैं।'
Recommended Video

सुब्रमण्यम स्वामी ने क्या कहा?
दरअसल शनिवार को सुब्रमण्यम स्वामी ने ट्वीट करते हुए कहा था, 'क्या अंतिम संस्कार से पहले माता-पिता और रिश्तेदारों को अपने एसएसआर (सुशांत सिंह राजपूत) के शरीर की झलक देखने को मिली? अगर इसका उत्तर नहीं है, तो श्मशान का झूठा पता देना समझ में आता है। कोई तस्वीर उपलब्ध नहीं है!' इसी का जवाब नीलोत्पल मृणाल ने दिया है। आपको बता दें मृणाल सुशांत सिंह राजपूत के चचेरे भाई और बीजेपी विधायक नीरज कुमार बबलू के दोस्त हैं। वह मुंबई में सुशांत के अंतिम संस्कार के दौरान भी श्मशान में मौजूद थे। उन्होंने सुशांत के शव को कंधा भी दिया था।

बॉलीवुड पर भी कई आरोप लगाए
सुब्रमण्यम स्वामी इससे पहले बॉलीवुड को लेकर भी कई आरोप लगा चुके हैं। उन्होंने कहा था कि बॉलीवुड में पानी की तरह पैसा बहाया जाता है और यहां कई लोगों का दुबई से कनेक्शन है। इस केस में प्रोफेशनल किलर भी शामिल हैं। जब शुरुआत में इस मामले में मुंबई पुलिस जांच कर रही थी, तब सबसे पहले सुब्रमण्यम स्वामी ने ही सुशांत के फैंस की मांग को आगे बढ़ाते हुए सीबीआई जांच कराने का अनुरोध किया था। उन्होंने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चिट्ठी तक लिखी थी। साथ ही वकील ईशकरण सिंह भंडारी को नियुक्त किया था। जिसके बाद भंडारी ने भी मुंबई पुलिस को तीन बार चिट्ठी लिखी थी, जिसमें फ्लैट को सील करने की मांग और डिजिटल एविडेंट सीज करने जैसी मांग शामिल थीं। हालांकि इस बीच सुशांत के परिवार ने पटना में एफआईआर दर्ज करवा दी।

अब ED और CBI कर रहे हैं जांच
सुशांत के परिवार ने पटना में सुशांत की कथित गर्लफ्रेंड रिया चक्रवर्ती, उनके परिवार और कुछ अन्य लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई थी। जिसमें उन्होंने इन लोगों पर सुशांत को सुसाइड के लिए उकसाने, उनके साथ धोखाधड़ी करने और उनका पैसा हड़पने का आरोप लगया था। जिसके बाद से मनी लॉन्ड्रिंग के एंगल में ईडी (प्रवर्तन निदेशालय) जांच कर रही है। वहीं जांच करने के लिए जब बिहार पुलिस मुंबई पहुंची तो मुंबई पुलिस ने उन्हें सहयोग नहीं दिया और रिया ने भी सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल कर मुंबई पुलिस से ही जांच कराने की मांग की। जिसके बाद सुशांत के परिवार ने सीबीआई जांच की मांग की और फिर सुप्रीम कोर्ट ने भी अपने फैसले में निष्पक्ष जांच को जरूरी बताते हुए पटना में दर्ज एफआईआर को सही ठहराया, साथ ही सीबीआई जांच का आदेश दे दिया। अब इस मामले की जांच सीबीआई और ईडी दोनों कर रहे हैं।

लगातार चौथे दिन एक्शन में CBI, रिया चक्रवर्ती से आज हो सकती है पूछताछ












Click it and Unblock the Notifications