बिहार: सृजन घोटाले में CBI ने पूर्व बैंककर्मी सहित 8 के खिलाफ दर्ज किया केस
पटना: बिहार के बहुचर्चित सृजन घोटाले में सीबीआई ने आठ लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। इस मामले में पूर्व बैंक कर्मचारी और सृजन महिला विकास समिति के अधिकारियों समेत 8 लोगों पर आपराधिक साजिश, विश्वासघात और धोखाधड़ी के साथ-साथ जालसाजी का मामला दर्ज किया गया है। इस घोटाले ने बिहार की राजनीति में भूचाल ला दिया था। इस मामले में अब तक 17 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। सीबीआई ने पहले भी 12 लोगों के खिलाफ चार्जशीट दी थी।

ये मामला सृजन महिला विकास सहयोग समिति से संबंधित है जो कि भागलपुर स्थित एक एनजीओ है जो महिलाओं को व्यावसायिक प्रशिक्षण देने का काम करता है। साल 2004 से 2014 के बीच एनजीओ के खाते में सरकारी निधि से लगभग 1000 करोड़ रुपये के हेरफेर का मामला सामने आया था।
रिपोर्ट के आधार पर कहा गया है कि एनजीओ ने फर्जीवाड़े के तहत सरकारी निधि से सीधे-सीधे बैंक खातों में जमा किए थे। यही नहीं बैंक स्टेटमेंट और पासबुक भी कथित तौर पर बैंक अधिकारियों की मदद से तैयार किया गया था।
बता दें कि भागलपुर के सबौर स्थित स्वयंसेवी संस्था सृजन महिला विकास सहयोग समिति के बैंक खाते में सरकारी योजनाओं के पैसे रखे जाने का मामला सामने आया था, इसका उपयोग संस्था चलाने वाले अपने व्यक्तिगत कार्यो के लिए करते थे। पुलिस का दावा है कि यह फर्जीवाड़ा साल 2009 से ही लगातार जारी था।












Click it and Unblock the Notifications