स्पाइसजेट एयरलाइंस पर रैंसमवेयर अटैक, कई विमानों का संचालन प्रभावित
नई दिल्ली, 25 मई। स्पाइसजेट एयरलाइंस की दिक्कतें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। एक के बाद एक अलग-अलग तरह की दिक्कतों की वजह से स्पाइसजेट एयरलाइंस लगातार चर्चा में बना हुआ है। ताजा मामला एयरलाइंस पर रैंसमवेयर हमले का है। बुधवार को कंपनी के सिस्टम में रैंसमवेयर हमले की रिपोर्ट सामने आई है। जिसकी वजह से कई विमानों का संचालन प्रभावित रहा है। आज सुबह भी कई विमानों के संचालन पर इसका असर देखने को मिला है।
Recommended Video

स्पाइसजेट एयरलाइस की ओर से आधिकारिक बयान जारी करके इस बाबत जानकारी दी गई है। स्पाइसजेट ने ट्वीट करके लिखा, बीती रात रैंसमवेयर हमले की वजह से स्पाइसजेट की विमान सेवा प्रभावित हुई है, जिसके चलते सुबह विमान के संचालन में विलंब हुआ। हमारी आईटी टीम लगातार इसपर काम कर रही है, सिस्टम को ठीक कर लिया गया है, अब विमान का संचालन सामान्य हो गया है।
इससे पहले पिछले हफ्ते स्पाइसजेट फ्लाइट को दिल्ली में रोका गया था क्योंकि विमान कंपनी ने एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया को भुगतान नहीं किया था। एयरलाइंस के प्रवक्ता ने कहा था कि रोजाना भुगतान में देरी हुई थी, यह सॉफ्टवेयर में तकनीकी खराबी के चलते हुआ था, लेकिन इसके बाद विमानों का संचालन सामान्य हो गया था। बता दें कि एएआई ने 2020 में स्पाइसजेट को कैश एंड कैरी के आधार पर विमानों के संचालन की अनुमति दी है क्योंकि विमान अपना पुराने बकाए का भुगतान समय पर नहीं कर रहा था।
कैश एंड कैरी मॉडल के तहत एयरलाइंस को हर रोज एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया को अपने रोजाना के खर्च का भुगतान करना होता है। जिसमे नेविगेशन, लैंडिंग, पार्किंग व अन्य फ्लाइट ऑपरेशन के खर्च शामिल होते हैं। बीती रात की घटना के बारे में एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया को जानकारी दे दी गई है। फिलहाल विमानों का संचालन सामान्य हो गया है।












Click it and Unblock the Notifications