सोनू सूद ने साझा किया व्हाट्सएप स्क्रीन का वीडियो, मैसेज की आई बाढ़, सोशल मीडिया पर वायरल
नई दिल्ली। फिल्म अभिनेता सोनू सूद आजकल काफी सुर्खियों में हैं। जिस तरह से पिछले कुछ दिनों से वह प्रवासी मजदूरों को उनके घर पहुंचाने में लगातार हर रोज मदद कर रहे हैं, उसकी वजह से सोशल मीडिया पर लोग उनकी जमकर तारीफ कर रहे हैं। इन तारीफों के बीच सोनू सूद प्रवासी मजदूरों को उनके घर पहुंचाने के लिए हर रोज कोशिशों को भी बढ़ा रहे हैं। इसी कड़ी में उन्होंने टोल फ्री नंबर जारी किया है, जिसपर लोग फोन और मैसेज करके अपनी समस्या उनतक पहुंचा सकते हैं।

टोल फ्री नंबर
सोनू सूद के इस टोल फ्री नंबर पर अब मैसज की बाढ़ आ गई है। बड़ी संख्या में लोग मदद के लिए सोनू सूद को मैसेज कर रहे हैं। खुद सोनू सूद ने इस बात की जानकारी एक ट्वीट करके दी है। उन्होंने ट्वीट करके लिखा है कि आपके संदेश हमें इस रफ़्तार से मिल रहें हैं। मैं और मेरी टीम पूरी कोशिश कर रहें हैं हर किसी को मदद पहुँचे! लेकिन अगर इस में हम कुछ मेसजेज़ को मिस कर दें, उसके लिए मुझे क्षमा कीजिएगा। दरअसल सोनू सूद ने व्हाट्सएप मैसेज रिसीव होने का एक वीडियो साझा किया है, जिसे देखकर आप अंदाजा लगा सकते हैं कि कितनी बड़ी संख्या में लोग सोनू सूद को संदेश भेज रहे हैं।

वीडियो वायरल
सोनू सूद ने जो वीडियो साझा किया है, उसे जैसे ही वह खोलते हैं कि बाढ़ की तरह से मैसेज उनके फोन पर आते हैं। अहम बात ये है कि इस वीडियो को 12 लाख लोग देख चुके हैं, जबकि एक लाख से अधिक लोगों ने इस वीडियो को लाइक किया है। सोनू सूद का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। लोग इस वीडियो को रीट्वीट कर रहे हैं और सोनू सूद की जमकर तारीफ कर रहे हैं।

प्रवासी मजदूरो की कर रहे मजदूर
बता दें कि सोनू सूद ने प्रवासी मजदूरों को उनके घर तक पहुंचाने के लिए सैकड़ों बसों का इंतजाम किया था, जिसके जरिए उन्होने उत्तर प्रदेश, कर्नाटक, झारखंड, बिहार के मजदूरों को उनके घर पहुंचाने में मदद की। इससे पहले उन्होंने 1500 पीपीई किट पंजाब के डॉक्टरों के लिए दान की ती। यही नहीं उन्होंने मुंबई स्थित अपने होटल के दरवाजों को हेल्थकेयर वर्कर्स के रहने के लिए खोल दिया है। बता दें कि देश मे अबतक 4706 लोगों की कोरोना से मौत हो चुकी है, जबकि 165799 लोग कोरोना से संक्रमित हैं।












Click it and Unblock the Notifications