सोनिया गांधी की इंस्टाग्राम पर धमाकेदार एंट्री! पहला पोस्ट क्या है? अब तक कितने हुए फॉलोअर्स?

कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर अपनी शुरुआत कर दी है। 22 अक्टूबर को उन्होंने अपना पहला पोस्ट शेयर किया और इसके लिए अपनी आने वाली किताब 'Belonging: A Journey of Love' को चुना। इस पोस्ट के जरिए उन्होंने अपनी जिंदगी, परिवार, रिश्तों और निजी अनुभवों पर आधारित किताब की पहली झलक दिखाई। सोनिया गांधी की यह पहल इसलिए भी चर्चा में है, क्योंकि उनकी जिंदगी के कई अहम हिस्से अब तक सार्वजनिक नजरिए से देखे जाते रहे हैं, जबकि इस किताब में वह अपने अनुभवों को खुद की नजर से सामने रखने वाली हैं।

सोनिया गांधी ने अपनी पहली पोस्ट में लिखा कि वह किताब की पहली झलक लोगों के साथ साझा करके खुश हैं। उन्होंने बताया कि यह कहानी प्यार, जिम्मेदारी, अपनों को खोने और अपनी पहचान व अपनापन तलाशने से जुड़ी है। उन्होंने पाठकों के साथ आगे भी इसे साझा करने की उम्मीद जताई। सोनिया गांधी ने पोस्ट डालने के एक घंटे बाद ही 13 हजार फॉलोअर्स हो गए हैं। (खबर लिखे जाने तक) सोनिया गांधी के पहले पोस्ट में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा भी कोलाब हैं।

Sonia Gandhi Makes Instagram Debut Shares First Look Of Memoir Belonging A Journey Of Love

कब रिलीज होगी सोनिया गांधी की किताब?

सोनिया गांधी की किताब 'Belonging: A Journey of Love' का प्रकाशन 10 नवंबर 2026 को होना तय है। यह 544 पन्नों की किताब है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इसे अल्फ्रेड ए नॉफ प्रकाशित करेगा, जबकि भारत में इसके प्रकाशन की जिम्मेदारी हार्परकॉलिन्स इंडिया ने ली है।

किताब का फोकस सिर्फ सोनिया गांधी के राजनीतिक जीवन पर नहीं है। इसमें उनके निजी सफर, परिवार के साथ रिश्तों और उन घटनाओं को भी जगह दी गई है, जिन्होंने उनकी जिंदगी की दिशा बदल दी। प्रकाशक के मुताबिक, यह किताब एक ऐसी महिला की कहानी है, जिसने इटली से भारत आने के बाद एक बिल्कुल नई जिंदगी शुरू की और समय के साथ देश के सबसे चर्चित राजनीतिक परिवार का हिस्सा बनीं।

कैम्ब्रिज में राजीव गांधी से मुलाकात, फिर भारत तक का सफर

किताब की कहानी 1965 में इंग्लैंड के कैम्ब्रिज से शुरू होती है। उस समय सोनिया मैनो सिर्फ 19 साल की थीं। वहीं उनकी मुलाकात राजीव गांधी से हुई। दोनों ने 1968 में शादी की। इसके बाद सोनिया भारत आईं और उनकी जिंदगी का नया अध्याय शुरू हुआ।

किताब में इटली में बिताए शुरुआती जीवन से लेकर भारत की संस्कृति और रहन-सहन को अपनाने तक के अनुभव शामिल हैं। इसमें नेहरू-गांधी परिवार में उनकी जगह बनने और अपनी सास व पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के साथ शुरुआती मुलाकातों का भी जिक्र है। यह सफर सिर्फ एक देश से दूसरे देश आने की कहानी नहीं है। इसमें एक नई भाषा, संस्कृति, परिवार और सार्वजनिक जीवन के बीच खुद को ढालने का अनुभव भी शामिल है।

संजय, इंदिरा और राजीव गांधी की मौत ने कैसे बदली जिंदगी?

सोनिया गांधी की जिंदगी कई बड़े निजी दुखों से गुजरी है। 1980 में विमान हादसे में संजय गांधी की मौत हुई। इसके चार साल बाद, 1984 में इंदिरा गांधी की हत्या कर दी गई। फिर 1991 में राजीव गांधी की हत्या ने सोनिया गांधी की जिंदगी को एक और गहरा झटका दिया।

किताब इन घटनाओं और उनके निजी जीवन पर पड़े असर को भी सामने लाती है। सोनिया गांधी पहले भी अपने परिवार को लेकर लिखती रही हैं, लेकिन इस नई किताब को उनकी जिंदगी का ज्यादा निजी लेखा-जोखा बताया जा रहा है।

अल्फ्रेड ए नॉफ की ओर से पहले जारी बयान में सोनिया गांधी ने कहा था कि उनके परिवार के बारे में काफी कुछ लिखा गया है, लेकिन परिवार के सदस्यों के फैसलों, उनकी सोच और मानवीय कमजोरियों को समझने वाली कहानियां कम सामने आई हैं। उन्होंने यह भी कहा था कि निजी जिंदगी में आए गहरे दुखों ने ही उन्हें राजनीति की सार्वजनिक दुनिया में आने के लिए मजबूर किया। इससे पहले वह अपनी निजता को बहुत संभालकर रखती थीं।

किताब में छह दशक के भारत की झलक भी मिलेगी

सोनिया गांधी की किताब उनके निजी अनुभवों के साथ भारत में पिछले छह दशकों के दौरान आए राजनीतिक और सामाजिक बदलावों को भी समेटती है। प्रकाशक इसे प्यार, परिवार और पहचान की कहानी बता रहा है। साथ ही, इसमें देश की यात्रा को एक ऐसे व्यक्ति के नजरिए से देखने का मौका मिलेगा, जिसने लंबे समय तक राजनीति और सत्ता के केंद्र के करीब रहकर घटनाओं को देखा है।

यही वजह है कि किताब को सिर्फ आत्मकथा या पारिवारिक संस्मरण के तौर पर नहीं देखा जा रहा। पाठकों की दिलचस्पी इस बात में भी हो सकती है कि सोनिया गांधी अपने अनुभवों के जरिए देश की राजनीति और अपने परिवार के सफर को कैसे याद करती हैं।

भारत में किताब का प्रकाशक क्यों बदला?

सोनिया गांधी की किताब भारत में रिलीज होने से पहले ही प्रकाशक बदलने को लेकर चर्चा में आ गई थी। शुरुआत में पेंगुइन रैंडम हाउस इंडिया से इसके प्रकाशन की उम्मीद थी, लेकिन कंपनी ने बाद में साफ किया कि वह भारत में इस किताब को प्रकाशित नहीं करेगी।

इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट में बताया गया कि पांडुलिपि के कुछ हिस्सों में संपादकीय बदलाव और कटौती को लेकर बातचीत हुई थी। रिपोर्टों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) और मौजूदा राजनीतिक घटनाक्रम से जुड़े कुछ अंशों को विवाद की वजह बताया गया।

हालांकि, पेंगुइन रैंडम हाउस इंडिया ने इस बात से इनकार किया कि सोनिया गांधी की ओर से संपादकीय बदलाव स्वीकार नहीं किए जाने के कारण उसने किताब प्रकाशित करने से कदम पीछे खींचे। प्रकाशक ने कहा कि वह किताब प्रकाशित करने के लिए तैयार था, लेकिन एक खास मुद्दे पर बातचीत आगे नहीं बढ़ सकी। कंपनी ने बाहरी दबाव के कारण फैसला लेने की बात भी खारिज की।

इसके बाद हार्परकॉलिन्स इंडिया ने भारत में किताब के प्रकाशन के अधिकार हासिल किए। अब भारतीय और अंतरराष्ट्रीय संस्करण, दोनों की रिलीज डेट 10 नवंबर 2026 तय है। सोनिया गांधी के इंस्टाग्राम डेब्यू ने किताब को लेकर चर्चा और बढ़ा दी है। अब देखना होगा कि उनके निजी अनुभवों और राजनीतिक सफर पर आधारित यह संस्मरण पाठकों के सामने उनके जीवन का कौन-सा नया पहलू रखता है।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+