Lok Sabha Election: 'भगवान को भी धोखा', अमेठी चुनाव से पहले राहुल के राम मंदिर जाने की अटकलों पर स्मृति ईरानी
Lok Sabha Election: लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान में 1202 उम्मीदवारों की किस्मत ईवीएम मशीन में कैद हो चुकी है। अब अगले 5 चरणों के चुनाव की ओर सभी राजनीतिक दल रूख कर चुके हैं। इसी कड़ी में, कांग्रेस नेता राहुल गांधी के अमेठी जिले के चुनावी दौरे से पहले अयोध्या के राम मंदिर जाने की खबर सामने आई है।
इसपर शनिवार को केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने निशाना साधा है। स्मृति ईरानी ने कहा कि जिन लोगों ने भगवान राम के अस्तित्व पर सवाल उठाया था, वे अब वोट मांगने के लिए चुनाव के दौरान राम मंदिर का दौरा करने वाले हैं। यह भगवान को धोखा देने के अलावा और कुछ नहीं है।

अमेठी से बीजेपी के टिकट पर चुनाव लड़ रहीं ईरानी ने दावा किया कि कांग्रेस के 'शहजादे' ने राम मंदिर प्रतिष्ठा समारोह के निमंत्रण को अस्वीकार कर दिया, लेकिन वोट मांगने के लिए वे मंदिर का दौरा कर रहे हैं। ईरानी ने कहा कि हमें बताया गया है कि आज वायनाड में मतदान के बाद कांग्रेस उम्मीदवार यहां पहुंचेंगे, लेकिन पहले वह राम मंदिर जाएंगे। उन्होंने राम मंदिर प्रतिष्ठा समारोह का निमंत्रण अस्वीकार कर दिया था, अब वे मंदिर जाएंगे? वे सोचते हैं कि इससे उन्हें वोट मिल सकते हैं, इसका मतलब है कि अब वे भगवान को भी धोखा देने जाएंगे?
'पहली बार परिवारों को बदलते देखा'
केंद्रीय मंत्री ने वायनाड सांसद की अमेठी के प्रति निष्ठा पर सवाल उठाते हुए उन पर कटाक्ष करते हुए कहा कि वह अमेठी के साथ गहरा संबंध होने की बात करते हैं, लेकिन जब चुनाव की बात आती है, तो दावा करते हैं कि वायनाड 'उनका घर'है। उन्होंने यहां (अमेठी में) संबंधों के बारे में बात की और वे वायनाड चले गए। वहां नामांकन दाखिल करते समय उन्होंने (राहुल गांधी) वायनाड को 'अपना घर' घोषित किया।
आगे कहा कि हमने लोगों को रंग बदलते देखा है, लेकिन पहली बार परिवारों को बदलते देखा है। आप सभी जानते हैं कि 25 मई को कमल (बीजेपी का चुनाव चिन्ह) को आपका एक वोट मुफ्त राशन देगा। कांग्रेस ने घोषणा की है कि पूरे देश में लोगों की संपत्ति की गणना की जाएगी।
पांचवें चरण में 20 मई को अमेठी में मतदान
कभी गांधी परिवार का गढ़ 'अमेठी' को साल 2019 के लोकसभा चुनाव में स्मृति ईरानी ने छील लिया था। इस सीट से संजय गांधी, राजीव गांधी और सोनिया गांधी निर्वाचित हुए थे। आपको बता दें कि लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण में 20 मई को अमेठी में मतदान होगा।












Click it and Unblock the Notifications