Sikkim Tourism: चार महीने बाद टूरिस्ट के लिए खुला सिक्किम का लाचुंग, कहां तक जाने की होगी परमिशन?
Sikkim Reopens Lachung for Tourists: उत्तर-पूर्व के हिमालयी राज्य सिक्किम से पर्यटकों के लिए बड़ी खुशखबरी आई है। खराब सड़कों की वजह से चार महीने से बंद पड़े उत्तर सिक्किम के कई पर्यटन स्थल अब फिर से रौनक बिखेरने को तैयार हैं। त्योहारों का मौसम नजदीक है और ऐसे में लाचुंग, युमथांग घाटी और जीरो प्वाइंट जैसे हसीन नजारों को देखने की राह तक रहे यात्रियों को आखिरकार राहत मिली है।
राज्य सरकार का यह फैसला न सिर्फ यात्रियों के लिए रोमांच लेकर आया है, बल्कि पर्यटन उद्योग से जुड़े कारोबारियों के चेहरों पर भी मुस्कान बिखेर गया है। सिक्किम सरकार ने उत्तर सिक्किम के कुछ पर्यटन स्थलों को दोबारा खोलने का फैसला किया है। लंबे इंतजार के बाद यह खबर पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों और यात्रियों दोनों के लिए बड़ी राहत लेकर आई है। आने वाले त्योहारों के मौसम में यहां अच्छी संख्या में पर्यटकों के पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है।

लाचुंग से मिलेगी शुरुआत
सिक्किम पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव सी.एस. राव ने बताया कि सोमवार से मंगन जिले के लाचुंग में पर्यटकों की एंट्री शुरू हो जाएगी। यह इलाका चीन सीमा के पास है और यहां से युमथांग घाटी व जीरो प्वाइंट जैसे खूबसूरत स्थल पास ही पड़ते हैं। पिछले चार महीने से सड़क खराब होने की वजह से यहां पर्यटकों की आवाजाही बंद थी। अब ऑनलाइन परमिट जारी किए जा रहे हैं और सीमित समय में वाहन लाचुंग की ओर बढ़ सकेंगे।
ये भी पढ़ें: IRCTC Budget Tour Package: 18 हजार से कम में करें अयोध्या से शिमला तक की सैर! IRCTC लेकर आया है जबरदस्त पैकेज
लाचेन और गुरुडोंगमार झील अभी बंद
हालांकि, लाचेन और प्रसिद्ध गुरुडोंगमार झील फिलहाल पर्यटकों के लिए बंद रहेंगे। सी.एस. राव ने बताया कि खराब सड़कों की वजह से इन जगहों को अगली पर्यटन सीजन में खोला जाएगा। उन्होंने बताया कि सांगकालंग पुल शुरू हो जाने से चुंगथांग जाने वाले पर्यटकों का सफर करीब डेढ़ घंटे कम हो जाएगा।
समय पर करना होगा पुल पार
सिक्किम में हाल ही में बाढ़, भूस्खलन और सड़कों पर दरारें आने से काफी नुकसान हुआ था। मरम्मत का काम अभी भी चल रहा है। ऐसे में सरकार ने नए नियम बनाए हैं। हर दिन लाचुंग जाने वाले सभी वाहनों को दोपहर 1 बजे तक सांगकालंग पुल पार करना होगा। वहीं गंगटोक लौटने वाले वाहनों को 2 बजे तक तुंग पुल पार करना जरूरी होगा।
वर्ल्ड टूरिज्म डे पर नया तोहफा
पर्यटन कारोबारियों ने इस फैसले का स्वागत किया है। सिक्किम सरकार 27 सितंबर को विश्व पर्यटन दिवस पर पर्यटकों को नया तोहफा देने जा रही है। सी.एस. राव ने बताया कि चो-ला और डोकलाम को 'बैटलफील्ड टूरिज्म' के तहत पर्यटकों के लिए खोला जाएगा।
इस फैसले पर हाल ही में राज्य सरकार, सेना और बॉर्डर रोड्स ऑर्गनाइजेशन के अधिकारियों की बैठक में सहमति बनी। शुरुआती योजना के मुताबिक रोज 25 पर्यटक वाहनों को इन जगहों पर जाने की अनुमति दी जाएगी। चो-ला दर्रा 1967 के भारत-चीन युद्ध के लिए जाना जाता है, जबकि डोकलाम भारत, चीन और भूटान की त्रि-सीमा पर स्थित है, जहां 2017 में भारत-चीन आमना-सामना हुआ था।
ये भी पढ़ें: IRCTC Tour Package:बजट में करें 'लैंड ऑफ हैप्पीनेस' की सैर, रेलवे का बेहतरीन ऑफर, आज ही बुक करें भूटान की टिकट












Click it and Unblock the Notifications