Sidhu Moose Wala के पिता लड़ेंगे पंजाब विधानसभा चुनाव, जानिए किस पार्टी से उतर सकते हैं मैदान में
Sidhu Moose Wala Father Punjab Assembly election: पंजाबी भाषा के चर्चित गायक रहे सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह ने चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। उन्होंने घोषणा की है कि वे 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव में मानसा विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे। यह घोषणा ऐसे समय में आई है जब 29 मई, 2022 को उनके बेटे की नृशंस हत्या की तीसरी बरसी नजदीक है। बलकौर सिंह ने स्पष्ट किया कि उनका राजनीति में आने का फैसला सिर्फ और सिर्फ अपने बेटे शुभदीप सिंह सिद्धू उर्फ सिद्धू मूसेवाला को न्याय दिलाने की कोशिश का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि तीन साल बीतने के बाद भी कई आरोपी अब तक फरार हैं और उनके परिवार को न्याय नहीं मिला है।
'संविधान और कानून-व्यवस्था की रक्षा जरूरी'
बलकौर सिंह ने कहा कि पंजाब में बढ़ते अपराध और गिरती कानून व्यवस्था को देखकर उनका मन दुखी है। उन्होंने पंजाब सरकार और मुख्यमंत्री भगवंत मान की आलोचना करते हुए कहा कि उनकी सरकार अपराध रोकने में पूरी तरह विफल रही है। उन्होंने याद किया कि किस तरह दिनदहाड़े उनके बेटे की मानसा में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मैं राजनीति में आकर न सिर्फ अपने बेटे के लिए न्याय की लड़ाई जारी रखूंगा, बल्कि उन लोगों की आवाज़ भी बनूंगा जिन्हें चुप कराया जा रहा है।

मानसा सीट क्यों है खास?
गौरतलब है कि मानसा विधानसभा सीट सिद्धू मूसेवाला के लिए भी खास रही है। उन्होंने 2022 में कांग्रेस पार्टी के टिकट पर इसी सीट से चुनाव लड़ा था, हालांकि उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। अब इसी सीट से सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह ने चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। अब देखना होगा कि, बलकौर सिंह को चुनाव में सफलता मिलती है या नहीं।
ये भी पढ़ें Sidhu Moosewala: अजरबैजान से भारत लाया गया मूसेवाला हत्याकांड का मास्टरमाइंड सचिन बिश्नोई, खुलेंगे कई राज
इस पार्टी से लड़ सकते हैं चुनाव
बता दें कि सिद्धू मूसेवाला के पिता, बलकौर सिंह (Sidhu Moose wala Father Balkaur Singh) ने 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है। उन्होंने यह भी संकेत दिया है कि वे मानसा विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने का इरादा रखते हैं। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि वे किस राजनीतिक दल से चुनाव लड़ेंगे या किस पार्टी का समर्थन उन्हें प्राप्त होगा। कयास लगाए जा रहे हैं कि उनकी पहली प्राथमिकता कांग्रेस पार्टी हो सकती है, क्योंकि सिद्धू मूसेवाला भी 2022 में कांग्रेस के टिकट पर मानसा से चुनाव लड़े थे और बलकौर सिंह भी लगातार कांग्रेस नेतृत्व के संपर्क में बताए जा रहे हैं। हालांकि, यदि उन्हें कांग्रेस से टिकट नहीं मिलता है, तो ऐसी संभावना भी जताई जा रही है कि वे निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में मैदान में उतर सकते हैं।
ये भी पढ़ें आखिर कौन हैं Sidhu Moose Wala की मंगेतर? सिंगर की मौत के बाद खाई कभी ना शादी करने की कसम
साल 2022 में मूसेवाला की हुई थी हत्या
29 मई 2022 को पंजाब के मानसा जिले में दिनदहाड़े सिद्धू मूसेवाला की गोली मारकर हत्या कर दी गई।हत्या उस वक्त हुई जब मूसेवाला अपनी थार गाड़ी से अपने दो दोस्तों के साथ मानसा जिले के गांव जवाहरके जा रहे थे। रास्ते में उन पर करीब 30 राउंड गोलियां चलाई गईं। हमले में सिद्धू को गंभीर चोटें आईं और अस्पताल ले जाने पर उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।हत्या से ठीक एक दिन पहले पंजाब सरकार द्वारा उनकी सुरक्षा में कटौती की गई थी। इस फैसले की खूब आलोचना हुई और इसे हत्या के पीछे एक बड़ी चूक माना गया।












Click it and Unblock the Notifications