मूसेवाला हत्याकांड: दिल्ली पुलिस के 12 अधिकारियों की सुरक्षा बढ़ी, गैंगस्टर लांडा ने दी थी धमकी
सिद्धू मूसेवाला की हत्या की जांच कर रहे दिल्ली पुलिस के 12 अधिकारियों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। कुछ दिनों पहले उनको कनाडा के गैंगस्टर लखबीर सिंह लांडा से धमकी मिली थी।

पंजाबी गायब सिद्धू मूसेवाला की हत्या की गुत्थी सुलझाने वाले दिल्ली पुलिस के अफसरों को हाल ही में कनाडा के गैंगस्टर लखबीर सिंह लांडा ने धमकी दी थी, जिस पर स्पेशल सेल के 12 अधिकारियों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। उनके घर के आसपास भी पुलिसकर्मियों की तैनाती की जा रही। इसको लेकर दिल्ली पुलिस कमिश्नर संजय अरोड़ा ने विस्तृत आदेश जारी कर दिया है। लांडा का दावा है कि उसके पास स्पेशल सेल के उन अधिकारियों की फोटो है, जो मूसेवाला केस से जुड़े हैं।
दिल्ली पुलिस के मुताबिक स्पेशल सेल के 12 अधिकारियों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। अब स्पेशल सीपी एचजीएस धालीवाल, डीसीपी स्पेशल सेल मनीषी चंद्रा, डीसीपी राजीव रंजन को चौबीसों घंटे Y श्रेणी की सुरक्षा मिलेगी। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल एक एंटी टेरर यूनिट है, जो आतंकियों और गैंगस्टर्स के खिलाफ कार्रवाई करती है। मौजूदा वक्त में डीसीपी राजीव रंजन इसकी दो यूनिट को लीड कर रहे हैं।
वैसे तो Y श्रेणी की सुरक्षा कैबिनेट मंत्रियों, उच्च न्यायालय और उच्चतम न्यायालय के न्यायाधीशों, वरिष्ठ राजनेताओं को प्रदान की जाती है, लेकिन लांडा की धमकी को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने अपने अधिकारियों को सुरक्षा देने का फैसला लिया। खुफिया एजेंसियों के मुताबिक लांडा कनाडा में छिपा हुआ है और वहीं से अपने गैंग को ऑपरेट करता है। उसको पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI का भी समर्थन मिल रहा।
धमकी में क्या कहा?
कुछ दिनों पहले लखबीर सिंह ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट लिखी थी। जिसमें उसने कहा कि मैंने इटली में गैंगस्टर हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी का मर्डर करवा दिया। वो दिल्ली पुलिस और रॉ के लिए मुखबिरी कर रहा था। उसने आगे लिखा कि दिल्ली पुलिस के अधिकारियों की फोटो हमारे पास है, ऐसे में वो सावधान रहें। अगर उन्होंने पंजाब में कदम रखा, तो अंजाम बुरा होगा। वैसे लखबीर पर पंजाब में कई मामले दर्ज हैं। शिवसेना नेता की हत्या के मामले में और मोहाली RPG अटैक में भी उसका नाम सामने आया है।












Click it and Unblock the Notifications