'सिद्धू एंटी-नेशनल हैं', कैप्टन अमरिंदर के इन आरोपों पर चुप क्यों है गांधी परिवार- जावड़ेकर
नई दिल्ली, 19 सितंबर: भारतीय जनता पार्टी ने पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू पर पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह के बहुत ही सनसनीखेज और गंभीर आरोपों को लेकर कांग्रेस आलाकमान या गांधी परिवार के खिलाफ सीधा मोर्चा खोल दिया है। पार्टी नेता प्रकाश जावड़ेकर ने सवाल किया है कि जब कैप्टन ने सिद्धू को एंटी-नेशनल बताया है तो इतने गंभीर विषय पर सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी अभी तक चुप क्यों हैं। उनकी चुप्पी के क्या मायने हैं।

Recommended Video
कैप्टन के गंभीर आरोपों पर चुप क्यों है गांधी परिवार-भाजपा
बीजेपी नेता प्रकाश जावड़ेकर ने कांग्रेस आलाकमान पर निशाना साधते हुए कहा है कि 'पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू को एंटी-नेशनल कहा है। यह बहुत ही गंभीर आरोप है। बीजेपी कांग्रेस से सिर्फ एक ही सवाल पूछ रही है कि सोनिया, राहुल और प्रियंका इसपर चुप क्यों हैं?' गौरतलब है कि शनिवार को सीएम पद से इस्तीफा देने के बाद कैप्टन अमरिंदर ने कहा था कि कांग्रेस आलाकमान अगर नवजोत सिंह सिद्धू को मुख्यमंत्री बनाने की कोशिश करता है तो वह इसका विरोध करेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि सिद्धू के पाकिस्तानी पीएम इमरान खान और पाकिस्तानी सेना प्रमुख कमर जावेद बाजवा से ताल्लुकात हैं। उन्होंने सिद्धू को राष्ट्र-विरोधी तक बता दिया और कहा कि वह एक पूर्व सैनिक होने के नाते इसे बर्दाश्त नहीं कर सकते।
खुद हटकर दूसरे नेताओं को मौका दें सोनिया-राहुल-प्रियंका-भाजपा
उधर भाजपा प्रवक्ता एनवी सुभाष ने आरोप लगाया है कि सभी राज्यों में कांग्रेस अपने नताओं को अपमानित कर रही है। उन्होंने कहा कि 'कांग्रेस के सभी नेता सभी कांग्रेस शासित राज्यों में पार्टी हाई कमान के उदासीन रवैए के कारण अपमानित हो रहे हैं। ' उन्होंने कहा कि 'और हाई कमांड को सिर्फ अपने परिवार के शासन की चिंता है, न कि 135 साल पुरानी पार्टी की।' वे बोले कि इसी के चलते सभी मंत्री और पार्टी कार्यकर्ता कांग्रेस को छोड़ते चले जा रहे हैं। सुभाष के मुताबिक 'आने वाल विधानसभा चुनावों में कांग्रेस पार्टी को पंजाब या उत्तर प्रदेश में एक भी सीट नहीं मिलेगी।'

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि 'बीजपी अगले विधानसभा चुनावों में स्पष्ट बहुमत से जीतेगी, क्योंकि हम यहां तक कि कांग्रेस शासित राज्यों में भी कई विकास कर रहे हैं।' उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा को पार्टी के नेता पद से हट जाना चाहिए। वे बोले कि 'उन्हें अपने परिवार का कारोबार बंद कर देना चाहिए और दूसरे नेताओं को पार्टी चलाने का एक मौका देना चाहिए।'












Click it and Unblock the Notifications