प्राची निगम के लिए शेविंग कंपनी का विज्ञापन विवादों में, लोगों ने की कार्रवाई की मांग
यूपी बोर्ड की परीक्षा में कक्षा 10 में टॉप करने वाली प्राची निगम के पक्ष में बॉम्बे शेविंग कंपनी की ओर से किया गया सोशल मीडिया पोस्ट कंपनी को भारी पड़ गया है।
शेविंग कंपनी की ओर से नेवर गेट बुलीड अभियान के तहत प्राची निगम के नाम को इस्तेमाल किया गया है। दरअसल प्राची के चेहरे पर बाल की वजह से उन्हें सोशल मीडिया पर ट्रोल किया जा रहा है, जिसके बाद कंपनी की ओर से प्राची के पक्ष में पोस्ट किया गया है।

यूपी बोर्ड की ओर से पिछले शनिवार को रिजल्ट घोषित किए गए थे। जिसके बाद प्राची को उनके लुक की वजह से ट्रोल किया जा रहा है। हालांकि जिन लोगों ने प्राची को ट्रोल करने की कोशिश की उन्हें लोगों ने सोशल मीडिया पर तीखा जवाब दिया है।
इसके बाद बॉम्बे शेविंग कंपनी ने प्राची के पक्ष में पोस्ट करते हुए न्यूजपेपर में विज्ञापन प्रकाशित कराया। लेकिन सोशल मीडिया पर इस विज्ञापन की आलोचना हो रही है। लोग कंपनी के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
विज्ञापन में प्राची निगम के पक्ष में लिखा गया है कि डियर प्राची ये आपको आज बाल की वजह से ट्रोल कर रहे हैं, कल ये ऑल इंडिया रैंकिंग की वजह से आपकी तारीफ भी करेंगे। लेकिन विज्ञापन की जो आखिरी लाइन है उसको लेकर तीखी प्रतिक्रिया सामने आई है। विज्ञापन के अंत में लिखा है कि हम आशा करते हैं कि हमारा रेजर इस्तेमाल करने के बाद आपको कोई बुली ना करेगा।
कंपनी के सीईओ शांतनु देशपांडे ने लिंकडिन पर इस विज्ञापन को साझा किया। इसके बाद से ही लोग उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं कि क्या उन्होंने प्राची का नाम इस्तेमाल करने के लिए उनकी अनुमति ली।
देशपांडे ने कंपनी की मंशा को जाहिर करते हुए कहा कि बोर्ड की परीक्षा में टॉप करने के बाद भी चेहर पर बाल की वजह से प्राची को ट्रोल किया जा रहा है, यह आश्चर्यजनक है। हमारा स्पष्ट संदेश है कि इस बेहतरीन युवती का भविष्य बेहद उज्जवल है। यह कोई मौकापरस्त बिक्री की रणनीति नहीं है, किसी तरह का क्यूआर कोड भी नहीं है। हमने यह सिर्फ प्राची की मदद के लिए किया है।












Click it and Unblock the Notifications