Black Money: कोलकाता में पाए गए 500-1000 के कई फटे नोट
कोलकाता के गोल्फ क्लब के पास 500 और 1000 रुपए के पुराने नोटों को फाड़कर फेंक दिया गया। पुलिस इस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
नई दिल्ली। 500 और 1000 के नोटों को बंद करने के पीएम नरेंद्र मोदी के फैसले से कालाधन रखने वाले बुरी तरह परेशान हो गए हैं। वे 500 और 1000 रुपए के पुराने नोटों को ठिकाने लगाने के लिए या तो नोट कहीं फेंक दे रहे हैं, जला दे रहे हैं या फिर गंगा में प्रवाहित कर दे रहे हैं।

ऐसी ही एक घटना पश्चिम बंगाल से है जहां कोलकाता के गोल्फ क्लब के पास 500 और 1000 रुपए के पुराने नोटों को फाड़कर फेंक दिया गया। पुलिस इस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
आपको बता दें कि पीएम मोदी ने 8 नवंबर को 500 और 1000 के पुराने नोटों की कीमत को खत्म कर दिया था। इसके बाद कालाधन रखने वालों के हाथ-पांव फूल गए।
नोट बर्बादी की हाल ही में हुईं ये थीं 2 घटनाएं :
1. बरेली में नोटों के ढेर को लगाई आग
इससे पहले बरेली के सीबीगंज इलाके में भी नोटों के जलते हुए ढेर को रास्ते से जा रहे एक आदमी ने देखा तो इसकी सूचना पुलिस को दी।
पुलिस जब मौके पर पहुंची तो देखा कि 500 और 1000 के नोटों की कतरनों में आग लगी है। उन कतरनों को कब्जे में लेकर पुलिस और आरबीआई की टीम नोटों की जांच में लगी हैं।

इस घटना के बारे सीबीगंज में लोग कई तरह की बातें कर रहे हैं। कहा जा रहा है कि इलाके की एक कंपनी के कुछ कर्मचारी नोटों की कतरनों को बोरियों में भरकर यहां ले आए थे।
उन्होंने कतरनों में आग लगाई और वहां से चले गए। नोटों का यह जलता ढेर परसाखेड़ा इंडस्ट्रियल एरिया में एक बड़े उद्योगपति की फैक्ट्री के सामने मिला है।
2. महाराष्ट्र में कूड़े के ढेर में मिले 500-1000 के नोट
महाराष्ट्र के टिटवाला इलाके में भी कूड़े के ढेर के पास एक बोरी में 500-1000 के नोट मिले थे। हालांकि, इस मामले में ये साफ नहीं हो पाया कि ये नोट आखिर वहां कैसे आए या किसने छोड़ा है।

कूड़ेदान के बगल में रखे नोटों को देखकर लोगों को भीड़ जुट गई थी। जिसे भी पता चला कि कूड़ेदान पर बोरी में नोटों की गड्डी पड़ी लोग देखने के लिए उमड़ पड़े। बोरी में 500-1000 रुपये के नोट थे।
3. मिर्जापुर में गंगा में प्रवाहित किए 1000 के पुराने नोट
ऐसी ही एक खबर मिर्जापुर से है जहां 1000 रुपए के पुराने फटे नोट गंगा नदी में बहते पाए गए। जब गंगा स्नान के लिए स्थानीय लोग पहुंचे तो उन्होंने फटे नोट देखकर इसकी सूचना पुलिस को दी।
पुलिस इस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। गंगा स्नान करने गए लोगों ने इन नोटों को इकट्ठा किया और इन्हें देखने के लिए लोगों की भीड़ लग गई।

आपको बता दें कि पीएम मोदी ने 8 नवंबर को रात 12 बजे से 500 और 1000 के पुराने नोटों की कीमत को खत्म करने की घोषणा की थी।
पुलिस को ऐसा शक है कि मिर्जापुर और भदोही बेल्ट में कुछ लोगों के पास काफी कालाधन है। इसी को ठिकाने लगाने के मकसद से इन 1000 के पुराने नोटों को फाड़कर गंगा में अर्पित कर दिया गया।












Click it and Unblock the Notifications