IRCTC: रेल से कीजिए 12 दिन में सात फेमस ज्योतिर्लिंग के दर्शन
इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कारपोरेशन (आईआरसीटीसी) ने अपनी विशेष योजना शुरू की है जिसके तहत 11 रात और 12 दिन के सफर में सात ज्योतिर्लिंगों के दर्शन कराये जायेंगे।
इलाहाबाद। अब आप देश के सात सुप्रसिद्ध ज्योतिर्लिंगों के दर्शन बड़ी आसानी व सुविधापूर्ण तरीके से कर सकेंगे। इसके लिये इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कारपोरेशन (आईआरसीटीसी) ने अपनी विशेष योजना शुरू की है जिसके तहत 11 रात और 12 दिन के सफर में सात ज्योतिर्लिंगों के दर्शन कराये जायेंगे।

किन ज्योतिर्लिंगों के होंगे दर्शन?
वैसे तो शिव भक्त 12 ज्योर्तिंलिंग के दर्शन का ख्वाब संजोते हैं लेकिन आईआरसीटीसी की इस योजना में 7 ज्योतिर्लिंग शामिल हैं। ये अत्यंत महत्वपूर्ण व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग हैं। आईआरसीटसी की इस सुविधा की जानकारी देते हुये आईआरसीटसी के मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक अश्विनी श्रीवास्तव ने बताया कि हमारी इस सुविधा में यात्रियों को महाकालेश्वर, ओंकारेश्वर, नागेश्वर, सोमनाथ, भीमाशंकर, त्रयम्बकेश्वर और घृणेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन कराये जायेंगे। अपने आप में यह अनूठी पहल है जिससे यात्रियों को खासी सुविधा मिल सकेगी।

सुविधा में क्या है शामिल?
सबसे पहले आप इस सुविधा का पूरा डिटेल जान लें। आईआरसीटीसी 4 अगस्त से 15 अगस्त के बीच इस योजना का संचालन करेगा। यानी आपकी यात्रा 4 अगस्त से शुरू होगी और 15 अगस्त तक चलेगी। इस बीच आप 11 रात और 12 दिन का सफर करेंगे और बताये गये सात ज्योतिर्लिंग के दर्शन आपको कराये जायेंगे। इस पूरी यात्रा पर आपको 10 हजार 80 रुपये आईआरसीटसी को देने होंगे। आईआरसीटसी आपको ट्रेन में सीट, स्थानीय बसें, दो वक्त का शाकाहारी भोजन व नाश्ता और धर्मशाला में ठहरने का की सुविधा उपलब्ध करायेगा।

सुविधा का कैसे उठायें लाभ?
प्रबंधक अश्विनी श्रीवास्तव ने बताया कि इस ज्योर्तिंलिंग दर्शन यात्रा का लाभ उठाना बेहद ही आसान है। सबसे पहले आप भारतीय रेलवे खानपान और पर्यटन निगम यानी आईआरसीटसी की बेवसाइट पर जाइये (www.irctctourism.com) यहां इस यात्रा के लिये आपको ऑनलाइन लिंक मिलेगा। इस लिंक पर क्लिक करते ही एक डिटेल फार्म खुलेगा। जिसमे आप अपनी पर्सनल डिटेल भर कर यात्रा बुक करा सकते हैं। अगर आप ऑनलाइन प्रक्रिया नहीं कर सकते तो एक और बेहद आसान तरीका है। आप इलाहाबाद में आईआरसीटीसी के 9794844566 नंबर पर कॉल करके बुकिंग करा सकते हैं। सबसे अहम बात यह है कि आप अपनी यात्रा की शुरू कहां से करेंगे? ट्रेन में बैठने की सुविधा वाराणसी, मऊ, देवरिया, गोरखपुर, गोंडा, लखनऊ, कानपुर, आगरा, ग्वालियर व झांसी से भी उपलब्ध होगी।












Click it and Unblock the Notifications