महिला IAS को आपत्तिजनक मैसेज भेजने का मामला, कांग्रेस नेता ने कहा, मैसेज भेजना यौन शोषण नहीं
नई दिल्ली। महिला आईएएस को आपत्तिजनक मैसेज भेजने के मामले में जहां विपक्ष पंजाब सरकार के कैबिनेट मंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहा है, वहीं, प्रदेश कांग्रेस प्रभारी व ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी की महासचिव आशा कुमारी ने मंत्री पर लगे आरोपों के मामले में पल्ला झाड़ने की कोशिश की है। आशा कुमारी ने कहा कि किसी को मैसेज भेजना यौन उत्पीड़न का मामला नहीं माना जा सकता है।

आशा कुमारी ने किया मंत्री का बचाव
आशा कुमारी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के पास चन्नी के खिलाफ अभी कोई शिकायत नहीं आई है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने इस मामले में पहले ही अपनी बात कह दी है। आशा कुमारी सीबीआई दफ्तर के बाहर कांग्रेस के प्रदर्शन में शामिल होने आई थी और महिला अधिकारी को आपत्तिजनक मैसेज भेजने के मामले में अपनी प्रतिक्रिया दे रही थीं।

अकाली दल ने बोला कांग्रेस नेता पर हमला
दूसरी तरफ कांग्रेस नेता के इस बयान पर अकाली दल ने हमला बोल दिया और पार्टी के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि ये वाकई हैरान करने वाली बात है कि एक महिला ही दूसरी महिला का साथ नहीं दे रही है क्योंकि राहुल गांधी ने मंत्री के मामले में लीपापोती करने का जिम्मा सौंपा है।

महिला IAS को आपत्तिजनक मैसेज भेजने के मामला
सीएम कैप्टन अमिरंदर सिंह ने इसके पहले कहा था कि वे इस मामले में कैबिनेट मंत्री चन्नी से महिला अफसर से माफी मंगवा चुके हैं, जिसके बाद दोनों के बीच ये मामला खत्म हो गया है, लेकिन सीएम की इस कार्रवाई को विपक्ष ने पूरी तरह महिला विरोधी करार दिया है और लगातार कांग्रेस पर हमला बोला है।












Click it and Unblock the Notifications