Seema Haider: भारत के एक्शन के बाद भी सीमा हैदर क्यों नहीं जाएगी पाकिस्तान? वकील ने वीजा पर दिया बड़ा बयान
Seema Haider Visa News: 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत सरकार ने पाकिस्तान के खिलाफ कड़ा रुख अपना लिया है। मोदी सरकार ने देश में रह रहे सभी पाकिस्तानी नागरिकों के वीजा तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिए हैं। इन नागरिकों को 48 घंटे के भीतर भारत छोड़ने का निर्देश दिया गया है।
इस फैसले के बाद एक बार फिर सीमा हैदर का मामला सुर्खियों में आ गया है। सीमा हैदर प्यार की खातिर पाकिस्तान से नेपाल के रास्ते भारत आई थीं और यहां सचिन मीणा से शादी के बाद यहीं रह गई। सीमा ने ग्रेटर नोएडा निवासी सचिन मीणा से विवाह कर लिया था। वर्तमान में वह उत्तर प्रदेश के रबूपुर गांव में अपने पति और परिवार के साथ रह रही हैं।

हाल ही में उन्होंने एक बच्ची को भी जन्म दिया है। सीमा के वकील और मुंह बोले भाई एपी सिंह ने इस संबंध में बयान जारी करते हुए स्पष्ट किया कि सीमा का मामला सामान्य पाकिस्तानी नागरिकों से बिल्कुल भिन्न है। उनके अनुसार, सीमा के सभी दस्तावेज गृह मंत्रालय और एटीएस के पास सुरक्षित हैं।
इसके अलावा, राष्ट्रपति के पास शरण देने की याचिका लंबित है। उन्होंने बताया कि सीमा को उत्तर प्रदेश की अदालत से जमानत मिली थी और वह सभी कानूनी शर्तों का पालन कर रही हैं। वकील ने यह भी दावा किया कि सीमा और उनके परिवार को पाकिस्तान समर्थित तत्वों से लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं, जिसकी कई बार शिकायतें दर्ज कराई गई हैं।
एपी सिंह ने कहा कि सीमा शरण के आधार पर भारत में रह रही हैं और उन्हें भारत सरकार और उत्तर प्रदेश सरकार पर पूरा भरोसा है। इसी बीच सीमा के पहले पति गुलाम हैदर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसमें वह भारत सरकार से अपील कर रहा है कि सीमा और बच्चों को पाकिस्तान वापस भेजा जाए।
भावुक अंदाज़ में गुलाम हैदर कहता है, 'मैं पिछले दो साल से अपने बच्चों के लिए तरस रहा हूं... अगर सीमा को पाकिस्तान नहीं भेज सकते तो उसे भारत में सजा दी जाए।' उन्होंने एपी सिंह पर भी निशाना साधते हुए कहा, 'जो उसका मुंहबोला भाई बनकर उसकी मदद कर रहा है, उसे तो शर्म आनी चाहिए।'
क्या सीमा का मामला मानवता बनाम नियमों की लड़ाई बनेगा?
अब सवाल उठता है - क्या सीमा हैदर को एक प्रेमिका और मां के रूप में देखा जाएगा या फिर एक विदेशी नागरिक के रूप में जिनपर सख्त वीजा नियम लागू होते हैं? इस पूरे घटनाक्रम पर देश की नज़र टिकी है, और आने वाले दिनों में सरकार का रुख इस संवेदनशील मामले में क्या होगा, यह देखना दिलचस्प होगा।












Click it and Unblock the Notifications