वैज्ञानिकों को अंतरिक्ष में दिखा रहस्यमयी ऑब्जेक्ट, हर 18 मिनट छोड़ रहा सिग्नल
नई दिल्ली, 29 जनवरी: हाल ही में वैज्ञानिकों को बाहरी अंतरिक्ष में एक ऐसी रहस्यमयी वस्तु दिखी है, जिसको लेकर चर्चा भी है और चिंता भी है। वैज्ञानिकों ने पाया कि अंतरिक्ष में दिखी ये चीज नियमित रूप से ऊर्जा छोड़ रही थी, ये ऐसा था जो इस क्षेत्र से जुड़े शोधकर्ताओं ने पहले कभी नहीं देखा था। हर 18 मिनट के बाद इस रहस्यमयी वस्तु से रेडियो सिग्नल निकल रहे थे।

30 सेकंड से एक मिनट के बीच निकली उर्जा
बुधवार को नेचर पत्रिका में एक रिपोर्ट छपी है। इस रिपोर्ट के मुताबिक, वैज्ञानिकों ने 2018 की शुरुआत में अंतरिक्ष में रेडियो फ्रीक्वेंसी की मैपिंग करते हुए रहस्यमयी वस्तु को देखा। उन्होंने देखा कि वस्तु कई महीनों तक हर 18 मिनट में कम फ्रीक्वेंसी वाले रेडियो सिग्नल का उत्सर्जन कर रही थी। इससे ऊर्जा निकलने की ये अवधि 30 सेकंड से एक मिनट के बीच होगी।

शुरू में समझा एलियन
इस ऑब्जेक्ट को वैज्ञानिकों ने शुरु में एलियन समझा लेकिन जल्दी ही उन्होंने पाया कि ये एलियन नहीं है। इस वस्तु को देखने वाले ऑस्ट्रेलियाई शोधकर्ताओं का कहना है कि तेजी से घूमती यह आकृति धरती से चार हजार प्रकाश वर्ष दूर स्थित है, जो न सिर्फ बहुत चमकदार है बल्कि इसका चुंबकीय क्षेत्र बेहद मजबूत है। यह हर घंटे में तीन बार भारी मात्रा में रेडियो ऊर्जा फेंक रही है।

क्या कह रहे वैज्ञानिक
ऑस्ट्रेलिया की कर्टिन यूनिवर्सिटी की रेडियो एस्ट्रोनॉमर और इस वस्तु को खोजने वाली टीम की प्रमुख नताशा हर्ले-वॉल्कर का कहना है कि यह वस्तु इस तरह दिखती और गायब होती है, जैसे किसी ने समय तय कर रखा हो। वैज्ञानिकों का कहना है कि शोध के दौरान जब हमने इस पर लगातार नजर रखी तो पता चला कि यह अब तक की सबसे अलग प्रकार की अंतरिक्षीय वस्तु है, जिसको लेकर हम हैरत में हैं।












Click it and Unblock the Notifications