तमिलनाडु में राजनीतिक भूचाल: शशिकला समर्थक 130 विधायकों को होटेल ले जाया गया
विधायक इस बात का इंतजार कर रहे हैं कि राज्यपाल आधिकारिक रूप से शशिकला को न्योता दें और सभी लोग उन्हें अपना समर्थन देकर मुख्यमंत्री नियुक्त कर सकें।
चेन्नई। तमिलनाडु की राजनीति में चल रहा घमासान अब तेज होता जा रहा है। मुख्यमंत्री पद को लेकर सत्ताधारी एआईएडीएमके पार्टी दो हिस्सो में बंट गई है। शशिकला से पन्नीरसेल्वम की बगावत के बाद शशिकला खेमे के 130 पार्टी विधायकों को चेन्नई के एक 5 स्टार होटल ले जाया गया है। जानकारी के मुताबिक ऐसा इसलिए किया गया है क्योंकि जबतक राज्यपाल नहीं आते हैं तबतक इन विधायकों को शशिकला के सामने ही रहना होगा।

विधायक इस बात का इंतजार कर रहे हैं कि राज्यपाल आधिकारिक रूप से शशिकला को न्योता दें और सभी लोग उन्हें अपना समर्थन देकर मुख्यमंत्री नियुक्त कर सकें। सूत्रों के मुताबिक ये विधायक अपना समर्थन पन्नीरसेल्वम को ना दे दें इसलिए उन्हें होटल ले जाया गया है। एआईएडीएमके मुख्यालय में पार्टी महासचिव शशिकला ने विधायकों की बैठक की थी, जिसके तुरंत बाद ही उनका समर्थन कर रहे विधायकों को बस में बिठा कर भेजा गया। इसे भी पढ़ें- अम्मा की आत्मा ने पन्नीरसेल्वम से की बात! जानिए क्या कहा?
वहीं शशिकला ने एआईएडीएमके के आईटी विंग के सेक्रेटरी जी. रामचंद्रन को पार्टी से निष्कासित कर दिया है। मीडिया में चल रही खबरों के मुताबिक डीएमके के नेता एमके स्टालिन ने कहा कि डीएमके कभी भी पन्नीरसेल्वम का समर्थन नहीं करेगी। इस बीच पन्नीरसेल्वम ने कहा कि उन्हें पार्टी के विधयाकों से मिलने नहीं दिया जा रहा है। उनका दावा है कि उन्हें 65 विधायकों का समर्थन प्राप्त है। दूसरी तरफ सुब्रह्मण्यम स्वामी ने कहा कि तमिलनाडु में पैदा हुए संकट में बीजेपी के कुछ नेताओं का हाथ है।












Click it and Unblock the Notifications