कादर खान के बड़े बेटे अब्दुल कुद्दुस का निधन, एयरपोर्ट पर सुरक्षा अधिकारी के तौर पर थे तैनात
अब्दुल कुद्दुस कादर खान की पहली पत्नी के बेटे थे और कनाडा में रहते थे।
नई दिल्ली। बॉलीवुड के दिग्गज कलाकारों में शामिल रहे और अपनी कॉमेडी के जरिए लोगों को हंसाने वाले दिवंगत अभिनेता कादर खान के सबसे बड़े बेटे अब्दुल कुद्दुस का गुरुवार को निधन हो गया। अब्दुल कुद्दुस कादर खान की पहली पत्नी के बेटे थे और कनाडा में रहते थे। हालांकि, उनकी मौत किस वजह से हुई, इस बार में अभी कोई जानकारी नहीं मिल पाई है। बताया जा रहा है कि हमेशा लाइमलाइट से दूर रहने वाले अब्दुल कुद्दुस कनाडा में एयरपोर्ट पर एक सुरक्षा अधिकारी के तौर पर नौकरी करते थे। (फोटो- साभार/ट्विटर)
Recommended Video

कुद्दुस की वजह से कादर खान ने छोड़ा था विलेन का किरदार
आपको बता दें कि वेबसाइट 'रेडिफ' को दिए एक इंटरव्यू के दौरान कादर खान ने खुद इस बात का खुलासा किया था कि अपने बेटे अब्दुल कुद्दुस के कारण ही उन्होंने फिल्मों में विलेन का किरदार निभाना बंद किया था। कादर खान ने इंटरव्यू में बताया था, 'मेरा बड़ा बेटा कुद्दुस अपने दोस्तों के साथ खेलकर जब घर आता था, तो उसके कपड़े फटे होते थे। इसकी वजह यह थी कि एक विलेन के तौर पर मैं हमेशा फिल्म के आखिर में हीरो से मार खाता था। मेरे बेटे के दोस्त उसे बोलते कि तुम्हारे पिता पहले लोगों को मारते हैं और आखिर में हीरो उन्हें मारता है। ये सब सुनकर मेरे बेटे को गुस्सा आ जाता और अपने दोस्तों के साथ उसकी लड़ाई हो जाती थी।'

फिल्म हिम्मतवाला से बने कॉमेडियन
कादर खान ने इस इंटरव्यू में आगे बताया, 'एक दिन जब वो घर लौटा तो उसके सिर में चोट लगी हुई थी। मैंने पूछा तो उसने बताया कि उसके दोस्तों के साथ उसकी लड़ाई हुई है और लड़ाई की वजह थी फिल्मों में मेरा विलेन बनना। यह सुनकर मुझे बहुत बुरा लगा और उसी दिन मैंने फैसला किया कि अब मैं फिल्मों में विलेन का किरदार नहीं निभाऊंगा। उस वक्त 'हिम्मतवाला' फिल्म बन रही थी और उसी फिल्म से मैंने कॉमेडी किरदार निभाना शुरू किया।'

कादर खान के परिवार में कौन कौन है
गौरतलब है कि कादर खान के परिवार में इस समय उनकी पत्नी हाजरा, दो बेटे- सरफराज और शाहनवाज, बहू और उनके बच्चे हैं। कादर खान के बेटे सरफराज ने कुछ फिल्मों में भी काम किया है, जिनमें- तेरे नाम, मैंने दिल तुझको दिया और वांटेड जैसी फिल्में शामिल हैं। वहीं, उनके छोटे बेटे शाहनवाज ने कनाडा से अपनी पढ़ाई पूरी की है। शाहनवाज ने फिल्म 'मिलेंगे-मिलेंगे', 'वादा' और 'हमको तुमसे प्यार है' में असिस्टेंट के तौर पर काम किया है।

300 से ज्यादा फिल्मों में किया काम
आपको बता दें कि कादर खान का निधन 31 दिसंबर 2018 को 81 साल की उम्र में कनाडा के टोरंटो में हुआ था। उनके निधन पर बॉलीवुड की दिग्गज हस्तियों ने शोक जाहिर किया था। कादर खान ने बॉलीवुड की 300 से ज्यादा फिल्मों में काम किया। अपने बेहतरीन अभिनय के अलावा कादर खान ने कई फिल्मों के लिए डायलॉ़ग भी लिखे, जिनके लिए उन्हें आज भी याद किया जाता है।












Click it and Unblock the Notifications