NEET के बाद अब SSC GD परीक्षा विवादों में, क्या लीक हुआ पेपर? क्यों लास्ट मिनट पर कैंसिल हुआ एग्जाम?
SSC GD Constable Exam 2026: NEET UG पेपर लीक विवाद अभी थमा भी नहीं था कि अब अब SSC GD कांस्टेबल भर्ती परीक्षा 2026 भी विवादों में घिर गई है। उत्तर प्रदेश और बिहार के कई परीक्षा केंद्रों पर तकनीकी गड़बड़ी और अव्यवस्था के कारण परीक्षा अचानक रद्द करनी पड़ी। जिसके बाद SSC GD परीक्षा को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं।
भीषण गर्मी में दूर-दूर से पहुंचे अभ्यर्थियों को घंटों इंतजार करना पड़ा, जिसके बाद कई जगह हंगामा और विरोध प्रदर्शन भी हुआ। अब SSC चेयरमैन एस. गोपालकृष्णन ने माना है कि परीक्षा प्रबंधन में गड़बड़ी हुई थी, लेकिन उन्होंने पेपर लीक की खबरों को गलत बताया है। आयोग ने प्रभावित उम्मीदवारों के लिए 29 मई को री-एग्जाम कराने का फैसला लिया है।

यूपी-बिहार के कई सेंटरों पर बिगड़ी व्यवस्था
SSC GD भर्ती परीक्षा का आखिरी चरण 25 से 30 मई 2026 तक चल रहा है। 25 और 26 मई को प्रयागराज, कानपुर, गोरखपुर समेत यूपी और बिहार के कई परीक्षा केंद्रों पर तकनीकी समस्याएं सामने आईं। कुछ जगह कंप्यूटर सिस्टम बंद हो गए, जबकि कुछ सेंटरों पर सीटें कम पड़ गईं।
प्रयागराज में हालात सबसे ज्यादा खराब बताए गए। यहां कई उम्मीदवारों को घंटों लाइन में खड़े रहने के बाद पता चला कि परीक्षा नहीं हो सकेगी। इसके बाद नाराज छात्रों ने प्रदर्शन किया और कुछ जगह तोड़फोड़ की घटनाएं भी सामने आईं।
SSC चेयरमैन ने क्या कहा?
SSC चेयरमैन एस. गोपालकृष्णन ने कहा कि पेपर लीक नहीं हुआ था। उनके मुताबिक ऑनलाइन परीक्षा सिस्टम को हैक करने और रिमोट एक्सेस के जरिए प्रभावित करने की कोशिश की जा रही थी। जैसे ही संदिग्ध गतिविधियां पकड़ी गईं, कई कंप्यूटर टर्मिनल एहतियात के तौर पर बंद कर दिए गए।
उन्होंने माना कि इससे परीक्षा व्यवस्था प्रभावित हुई और कुछ सेंटरों पर परीक्षा रोकनी पड़ी। हालांकि आयोग का कहना है कि प्रश्नपत्र पूरी तरह सुरक्षित था।
अभ्यर्थियों ने उठाए सवाल
कई उम्मीदवार दूसरे जिलों और राज्यों से परीक्षा देने पहुंचे थे। छात्रों का कहना है कि उन्होंने सफर, होटल और खाने पर हजारों रुपये खर्च किए, लेकिन परीक्षा ही नहीं हो सकी। सोशल मीडिया पर भी छात्रों ने SSC की परीक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उम्मीदवार पूछ रहे हैं कि जब लाखों छात्र परीक्षा दे रहे थे तो पर्याप्त कंप्यूटर और मजबूत तकनीकी व्यवस्था पहले से क्यों नहीं की गई।
सॉल्वर गैंग का खुलासा
इस बीच नोएडा और रांची में पुलिस ने ऐसे सॉल्वर गैंग का खुलासा किया है जो उम्मीदवारों से 4-4 लाख रुपये लेकर परीक्षा पास कराने का दावा कर रहे थे। मामले में कई लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इस खुलासे के बाद सोशल मीडिया पर परीक्षा दोबारा कराने की मांग भी उठने लगी है।
29 मई को होगा री-एग्जाम
SSC ने प्रभावित उम्मीदवारों के लिए 29 मई 2026 को री-एग्जाम कराने का फैसला लिया है। आयोग ने कहा है कि जिन सेंटरों पर परीक्षा रद्द हुई थी, वहां के सभी अभ्यर्थियों की परीक्षा 31 मई से पहले पूरी करा दी जाएगी। उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे अपनी रजिस्टर्ड ईमेल आईडी और मोबाइल नंबर लगातार चेक करते रहें। नए एडमिट कार्ड, सेंटर और परीक्षा समय की जानकारी ऑनलाइन जारी की जाएगी।
46 लाख उम्मीदवार दे रहे परीक्षा
SSC GD कांस्टेबल भर्ती परीक्षा इस साल देश की सबसे बड़ी भर्ती परीक्षाओं में शामिल है। करीब 46 लाख उम्मीदवार इसमें शामिल हो रहे हैं। परीक्षा 30 अप्रैल से शुरू हुई थी और 31 मई तक अलग-अलग चरणों में तीन शिफ्ट में आयोजित की जा रही है।
ये भी पढ़ें: 'पुराने पेपर लीक से सबक क्यों नहीं लिया?', NEET मामले में SC सख्त, केंद्र-NTA को नोटिस भेज मांगा जवाब












Click it and Unblock the Notifications