RSS नेता मदन दास देवी का 81 वर्ष की उम्र में निधन, पीएम मोदी ने कहा- अत्यंत दुख हुआ
RSS Madan Das Devi Death: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ नेता मदन दास देवी का सोमवार (24 जुलाई) सुबह निधन हो गया। मदन दास देवी 81 साल के थे। उन्होंने बेंगलुरु के एक अस्पताल में अंतिम सांस ली।
संघ नेता मदन दास देवी के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर दुख व्यक्त किया और उनके साथ अपने लंबे जुड़ाव को याद किया है।

पीएम नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर कहा, ''श्री मदन दास देवी जी के देहावसान से अत्यंत दुख हुआ है। उन्होंने अपना पूरा जीवन राष्ट्रसेवा में समर्पित कर दिया। उनसे मेरा न सिर्फ घनिष्ठ जुड़ाव रहा, बल्कि हमेशा बहुत कुछ सीखने को मिला। शोक की इस घड़ी में ईश्वर सभी कार्यकर्ताओं और उनके परिवारजनों को संबल प्रदान करे। ओम शांति!"
आरएसएस पदाधिकारियों ने जानकारी दी है कि मदन दास देवी का अंतिम संस्कार 25 जुलाई को सुबह 11 बजे पुणे में होगा। आज (24 जुलाई) सुबह 5 बजे बेंगलुरु के राजराजेश्वरी नगर स्थित राष्ट्रोत्थान अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली।
मदन दास देवी का पार्थिव शरीर 24 जुलाई को दोपहर 1.30 बजे से शाम 4.00 बजे तक बेंगलुरु स्थित आरएसएस कार्यालय केशवकृपा में अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा।
मदन दास देवी अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के पूर्व राष्ट्रीय संगठन सचिव भी रह चुके थे, उस वक्त उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के साथ मिलकर काम किया था।












Click it and Unblock the Notifications