रोहिणी घावरी-चंद्रशेखर आजाद की लव स्टोरी का खौफनाक अंत क्यों और कैसे हुआ? इंटरव्यू में सब पता चल गया
Rohini Ghavari Chandra Shekhar Azad Love Story: स्विट्जरलैंड में पीएचडी कर रहीं डॉक्टर रोहिणी ने आज़ाद समाज पार्टी (कांशीराम) के प्रमुख व नगीना से सांसद चंद्रशेखर आज़ाद पर गंभीर व्यक्तिगत और नैतिक आरोप लगाए हैं। ताजा इंटरव्यू में रोहिणी घावरी ने खुलकर कहा कि चंद्रशेखर आजाद ने उन्हें अपनी राजनीतिक सफलता के लिए "टूल" की तरह इस्तेमाल किया और जब उनका फायदा पूरा हो गया, तो उन्हें समाज के सामने बदनाम करवाया। रोहिणी घावरी और चंद्रशेखर आजाद की प्रेम कहानी का दर्दनाक अंत हो गया। घावरी कोर्ट से न्याय की मांग कर रही हैं जबकि चंद्रशेखर भी कह चुके हैं कि वे भी अपना पक्ष कोर्ट में रखेंगे।
"मैं विरोध करने लगी, तब छिपाने लगे सच"
यूट्यूबर Rana Yashwant को दिए इंटरव्यू में रोहिणी ने बताया कि जून 2021 से हमारी जान पहचान हुई थी। शारीरिक संबंध बने। चंद्रशेखर आजाद ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव लड़ा तब उनके शादीशुदा होने का पता चला। फिर चंद्रशेखर आजाद लोकसभा चुनाव 2024 की तैयारियां में जुट गए और बोले कि चुनाव के बाद वे पूरे मामले के बारे में रोहिणी को बता देंगे।
जब उन्होंने चंद्रशेखर की कुछ "गुप्त राजनीतिक मुलाकातों" पर सवाल उठाने शुरू किए, तो चंद्रशेखर ने उनके साथ रिश्ता ठंडा करना शुरू कर दिया। "मैं पूछती थी कि अगर सब कुछ सही है तो बंद दरवाजों के पीछे मिलने की क्या ज़रूरत है?" उन्होंने कहा कि ये मुलाकातें राजनीतिक लाभ के लिए थीं और आम लोगों से छुपाई जाती थीं।

"9 दिसंबर 2023 को पहला विरोध सार्वजनिक किया"
उन्होंने बताया कि उन्होंने 9 दिसंबर 2023 को पहली बार ट्वीट कर सवाल उठाए कि क्या ऐसा नेता समाज के लिए आदर्श हो सकता है जो निजी जीवन में धोखा देता हो? "मुझे धीरे-धीरे समझ आने लगा कि यह रिश्ता सिर्फ एक साजिश थी, जिसमें मुझे सिर्फ इस्तेमाल किया गया।"
"स्विट्जरलैंड बुलाने की बातें होती थीं"
डॉ. रोहिणी ने यह भी खुलासा किया कि चंद्रशेखर आजाद ने कई बार खुद कहा था कि अगर वे सांसद नहीं बन पाए तो वे स्विट्जरलैंड आकर बस सकते हैं, क्योंकि भारत में उनके ऊपर 40 से ज्यादा मुकदमे हैं और बहुजन आंदोलन चलाना मुश्किल हो रहा है।
"राजनीतिक चमक चाहिए होती तो किसी और को चुनती"
उन पर लगाए गए राजनीतिक लाभ के आरोपों पर रोहिणी ने दो टूक जवाब दिया- "अगर मुझे पॉलिटिकल फायदा चाहिए होता तो किसी बड़े दल जैसे बीजेपी, कांग्रेस या बसपा में जाती, ना कि एक संघर्षशील नेता के साथ जुड़ती। खुद भी इतनी हैसियत रखती हूं कि सांसद तो क्या कैबिनेट मंत्री तक बन सकती हूं।"
"मैंने नोटों से भरे बैग की तस्वीर भी शेयर की है"
रोहिणी ने आरोप लगाया कि लोकसभा चुनाव 2024 से पहले कई गड़बड़ियां और राजनीतिक सौदेबाजी हुईं। "मैंने नोटों के बैग की तस्वीर भी शेयर की थी। मेरी लड़ाई सिर्फ अपने सम्मान और समाज के साथ हो रहे धोखे के खिलाफ है।"
"प्रेम था, अब पछतावा है"
उन्होंने स्वीकार किया कि वह चंद्रशेखर से प्रेम करती थीं, लेकिन अब महसूस होता है कि वह "मूर्खता" कर रही थीं। "एक वक्त था जब मैं चुप रहती थी, सोचा कि सांसद बनने के बाद सब ठीक होगा। लेकिन मैं गलत थी।"
"मेरे साथ और भी लड़कियों के साथ हुआ है ऐसा"
रोहिणी ने आरोप लगाया कि चंद्रशेखर के खिलाफ 2017 में भी एक महिला ने यौन उत्पीड़न का केस दर्ज कराया था। "जब तक मैं उनके साथ थी, लोग मुझे सच नहीं बताते थे। लेकिन बाद में जब मैंने सच जाना, तो समझ आया कि ये उनका पैटर्न है।"
"मेरे खिलाफ भी फर्जी बातें फैलाई गईं"
उन्होंने कहा कि कुछ लोग यह फैला रहे हैं कि बीजेपी ने उन्हें 100 करोड़ रुपये दिए हैं। "मैंने तो कभी 1 करोड़ भी नहीं देखा, ऐसे आरोप मेरे कैरेक्टर पर हमला हैं।"
"एफआईआर नहीं हुई, अब कोर्ट जा रही हूं"
उन्होंने बताया कि उन्होंने दिल्ली पुलिस और राष्ट्रीय महिला आयोग में शिकायत दी थी, लेकिन अभी तक एफआईआर दर्ज नहीं हुई। "अब हाईकोर्ट के जरिए एफआईआर करवाऊंगी। मुझे सिस्टम पर विश्वास टूटता जा रहा है।"
"अगर मैंने कुछ गलत किया है, तो मुझे भी सज़ा मिले"
इंटरव्यू के अंत में रोहिणी ने कहा- "अगर मैं गलत हूं तो मुझे भी 5 साल की जेल हो, लेकिन अगर मैं सही हूं, तो चंद्रशेखर को सबक मिलना चाहिए कि षड्यंत्र से पाई गई सफलता ज्यादा दिन नहीं टिकती।"












Click it and Unblock the Notifications