वर्चुअल रैली के विरोध में लालू के परिवार ने बजाई थाली तो अमित शाह ने ली चुटकी, बोले- चलिए पीएम की बात तो मानी
नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्री और भारतीय जनता पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने रविवार को पटना में पहली वर्चुअल रैली को संबोधित किया। इस रैली से पहले बिहार की पूर्व सीएम और आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की पत्नी राबड़ी देवी ने पटना स्थित अपने आवास पर थाली बजाकर इस रैली का विरोध किया। इस दौरान राबड़ी के साथ उनके दोनों बेटे तेजस्वी और तेजप्रताप के साथ पार्टी के कई कार्यकर्ता मौजूद थे। इसके बाद रैली के संबोधन में अमित शाह ने इसपर चुटकी ली। अमित शाह ने कहा कि कुछ लोगों ने थाली बजाकर इस रैली का स्वागत किया है। अब ऐसे लोग थाली बजाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कोरोना के खिलाफ अभियान में शामिल हो गए हैं।
Recommended Video

रैली में क्या कहा अमित शाह ने
इस वर्चुअल रैली के संबोधन की शुरुआत अमित शाह ने बिहार की जनता को धन्यवाद देने से की। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता का धन्यवाद जिन्होंने 2014 और 2019 में मोदी जी के नेतृत्व में एनडीए को जनादेश दिया। बिहार से दुनिया को सबसे पहले लोकतंत्र का अनुभव हुआ। बिहार की भूमि ने हमेशा भारत का नेतृत्व किया है। आपातकाल के समय बिहार की जनता ने लोकतंत्र को प्रतिस्थापित करने का काम किया। बिहार की भूमि वंशवाद, भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई लड़ी। अमित शाह ने कहा, कुछ लोगों ने थाली बजाकर इस रैली का स्वागत किया है। कुछ लोग थाली बजाकर मोदी जी की कोरोना की लड़ाई में जुड़ गए। उन्होंने कहा, इस रैली का चुनाव से कोई लेना-देना नहीं है। जनसंपर्क के संस्कार को बचाए रखना चाहता हूं।
विरोध में क्या कहना था आरजेडी का
अमित शाह की रैली से पहले तेजस्वी यादव ने पदाधिकारियों के साथ बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश के किसान और मजदूर भूखे मर रहे हैं। गरीबों की थाली खाली है, लेकिन उनकी चिंता छोड़ बीजेपी सत्ता पाने के लिए राजनीति में जुटी है। तेजस्वी यादव ने कहा कि बीजेपी ढोंग कर रही है। उन्होंने कहा कि 7 जून को हम थाली-कटोरा बजाकर सरकार को जगाएंगे। वहीं राजद नेता ने नीतीश सरकार और केंद्र सरकार ने कई सवाल भी किए। उन्होंने अपने सवालों के साथ बैनर जारी किया और कहा कि हम सरकार से मजदूरों, किसानों के हक की बात करेंगे और उनसे जवाब मांगेंगे। तेजस्वी ने लोजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान पर भी कटाक्ष किया और कहा कि उनकी स्थिति बीजेपी में लालकृष्ण आडवाणी जैसी हो गई है। उन्हें कोई पूछता नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications