अब इस बीमारी के चलते फिर से अस्पताल में भर्ती हुए ऋषि कपूर, परिवार के करीबी ने किया खुलासा
ऋषि कपूर को हाल ही मे दिल्ली के अस्पताल से छुट्टी मिली थी, जिसके बाद अब फिर से उन्हें मुंबई के अस्पताल में भर्ती कराया गया है...
नई दिल्ली। बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता ऋषि कपूर की तबीयत एक बार फिर से खराब हो गई है। तबीयत बिगड़ने के बाद ऋषि कपूर को मुंबई के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इससे पहले हाल ही में ऋषि कपूर की दिल्ली में तबीयत खराब हो गई थी। दरअसल ऋषि कपूर एक फिल्म की शूटिंग के लिए देश की राजधानी दिल्ली में थे, जहां उनकी तबीयत खराब हो गई। तबीयत बिगड़ने के बाद आनन-फानन में ऋषि कपूर को दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जिसके बाद उन्होंने खुद ट्वीट कर अपनी तबीयत के बारे में जानकारी दी। अब ऋषि कपूर के परिवार से जुड़े एक करीबी सूत्र ने उनके दोबारा अस्पताल में भर्ती होने के बारे में बड़ी जानकारी दी है।

परिवार के करीबी ने बताया, घबराने की कोई बात नहीं
ऋषि कपूर के परिवार से जुड़े एक करीबी सूत्र ने बताया, 'ऋषि कपूर को वायरल बुखार हुआ है, जिसके इलाज के लिए उन्हें मुंबई के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालांकि घबराने की कोई बात नहीं है और उनकी तबीयत फिलहाल ठीक है।' गौरतलब है कि ऋषि कपूर हाल ही में दिल्ली से लौटे हैं। ऋषि कपूर फिल्म 'शर्माजी नमकीन' की शूटिंग के लिए पिछले करीब 18 दिनों से दिल्ली में थे।

न्यूट्रोफिल्स गिरने के कारण हुआ था इन्फेक्शन
इससे पहले दिल्ली के अस्पताल से घर लौटने के बाद ऋषि कपूर ने खुद ट्वीट करते हुए लिखा था, 'डियर फैमिली, फ्रेंड्स और फॉलोअर्स, मेरी तबीयत को लेकर आपने जो मेरी चिंता की, उसके लिए मैं आपका आभारी हू। आप सभी का धन्यवाद। मैं पिछले 18 दिनों से दिल्ली में फिल्म की शूटिंग कर रहा था। इस दौरान प्रदूषण और मेरे न्यूट्रोफिल्स गिरने के कारण मुझे एक इन्फेक्शन हो गया था, जिसकी वजह से मुझे अस्पताल में भर्ती होना पड़ा।'

'आपका मनोरंजन और आपको प्यार करता रहूंगा'
ऋषि कपूर ने एक और ट्वीट करते हुए लिखा, 'मुझे हल्का बुखार भी आ रहा था, जिसकी जांच में डॉक्टरों को एक पैच मिला, जो आगे चलकर निमोनिया हो सकता था, जिसका इलाज चल रहा है। मुझे लगता है कि लोग मेरी तबीयत को लेकर कुछ और ही सोच रहे थे। मैं इन सभी आशंकाओं को खारिज करता हूं और आपसे कहना चाहता हूं कि इसी तरफ आपका मनोरंजन और आपको प्यार करता रहूंगा। फिलहाल में मुंबई में हूं।'

अस्पताल में मिलने पहुंचे रणवीर और आलिया
इससे पहले रविवार को ऋषि कपूर ने बताया था कि दिल्ली के एक अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है। ऋषि कपूर ने बताया, 'मुझे इन्फेक्शन हुआ है, जिसके इलाज के लिए मैं अस्पताल में भर्ती हुआ हूं। मुझे लगता है कि प्रदूषण की वजह से ऐसा हुआ है।' दिल्ली के अस्पताल में ऋषि कपूर के भर्ती होने के बाद उनके बेटे रणवीर कपूर और आलिया भट्ट भी उनसे मिलने पहुंचे थे। हालांकि इस दौरान यह भी अफवाह उड़ी कि ऋषि कपूर कैंसर की चपेट में हैं। इससे पहले अमेरिका में अपना इलाज कराने के बाद ऋषि कपूर पिछले साल सितंबर में मुंबई लौटे थे।












Click it and Unblock the Notifications