सुशांत सिंह राजपूत केस: रिया ने छिपाया अपना दूसरा फोन नंबर, ED ने ऐसे लगाया पता
नई दिल्ली। अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले में आए दिन नए खुलासे हो रहे हैं। इस मामले में मनी लॉन्ड्रिंग के एंगल से प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) भी जांच कर रहा है। बीते शुक्रवार को ईडी ने पूछताछ के लिए मुख्य आरोपी रिया चक्रवर्ती को बुलाया था। रिया से करीब आठ घंटों तक पूछताछ की गई। इसके साथ ही रिया के भाई शौविक चक्रवर्ती से भी करीब 18 घंटों तक पूछताछ की गई है। इस बीच खबर आई है कि रिया ने ईडी से अपना एक फोन नंबर छिपाया है, जबकि वह इस नंबर का इस्तेमाल कर रही थीं।
Recommended Video

ईडी ने दिखाए कॉल रिकॉर्ड
टाइम्स नाउ के अनुसार, ईडी ने रिया से अपने सभी इलेक्ट्रोनिक डिवाइस जमा करने के लिए कहा था। लेकिन रिया ने अपना एक अन्य फोन नंबर नहीं बताया, जिसका वह इस्तेमाल कर रही थीं। जब ईडी ने रिया को उस फोन नंबर के कॉल रिकॉर्ड दिखाए तो रिया ने ये बात स्वीकार कर ली कि वह इस फोन नंबर का इस्तेमाल कर रही हैं। अब ईडी की तैयारी रिया के हिडन फोन डाटा का पता लगाने की है। यह भी कहा जा रहा है कि मोबाइल फोन की फोरेंसिक जांच की जाएगी और डाटा का पता लगाया जाएगा।

पटना में दर्ज हुई थी एफआईआर
ईडी ने सुशांत सिंह राजपूत के अकाउंट ट्रांजैक्शंस की जांच करते हुए रिया चक्रवर्ती और उनके भाई शौविक चक्रवर्ती से पूछताछ की थी। शौविक से शनिवार को हुई पूछताछ में सभी इलेक्ट्रोनिक डिवाइस जमा करने को कहा गया था। इसके अलावा रिया और उनके पिता इंद्रजीत चक्रवर्ती को पूछताछ के लिए सोमवार को बुलाया गया है। वहीं सुशांत के दोस्त सिद्धार्थ पिठानी को भी ईडी ने पूछताछ के लिए समन भेजा है। आपको बता दें सुशांत के पिता केके सिंह ने इस मामले में पटना में एफआईआर दर्ज करवाई है। जिसमें रिया चक्रवर्ती, उनके परिवार और कुछ अन्य लोगों पर सुशांत का पैसा हड़पने, धोखाधड़ी करने और उन्हें आत्महत्या के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया गया है।

सीबीआई जांच चाहता है परिवार
बता दें सुशांत सिंह राजपूत 14 जून को अपने घर में मृत पाए गए थे। इस मामले की जांच करीब दो महीने से मुंबई पुलिस कर रही है लेकिन पुलिस के हाथ खाली हैं। इसके बाद सुशांत के पिता केके सिंह ने पटना में एफआईआर दर्ज करवाई थी, जिसके बाद बिहार पुलिस मामले की जांच के लिए मुंबई पहुंची। मुंबई पुलिस की ओर से कोई सहयोग ना मिलता देख सुशांत के पिता ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से सीबीआई जांच की मांग की थी। इसके बाद नीतीश कुमार ने सीबीआई जांच के लिए सिफारिश की और बाद में केंद्र सरकार ने भी इस अनुरोध को मान लिया था। हालांकि महाराष्ट्र सरकार ने मामले में सीबीआई जांच का विरोध किया है।












Click it and Unblock the Notifications