RBI ने किया मौद्रिक नीति का ऐलान, रेपो रेट और रिवर्स रेपो रेट में कोई बदलाव नहीं
नई दिल्ली। रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (आरबीआई) ने गुरुवार को अपनी मौद्रिक नीति की समीक्षा बैठक के बाद नीतिगत दरों का ऐलान कर दिया है। आरबीआई ने क्रेडिट पॉलिसी में नीतिगत दरों में कोई बदलाव नहीं किया है। आरबीआई ने रेपो रेट 6 फीसदी और रिवर्स रेपो रेट 5.75 फीसदी पर बरकरार रखा है। कैश रिजर्व रेश्यो यानि सीआरआर भी 4 फीसदी पर बरकरार रहेगी। मौद्रिक नीति समिति बैठक के बाद ये फैसला लिया गया।

यह नए वित्त वर्ष 2018-19 की पहली द्वैमासिक मौद्रिक समीक्षा बैठक है। बैंक के इस कदम से सस्ते कर्ज का इंतजार और लंबा हो गया है। सबकी निगाहें अब जून में होने वाली बैठक पर टिक गई हैं। एमपीसी ने 6-7 फरवरी को हुई अपनी पिछली बैठक में बढ़ती महंगाई का हवाला देते हुए नीतिगत ब्याज दरों में कोई बदलाव नहीं किया था। आरबीआई ने इस बैठक में रेपो रेट और रिवर्स रेपो रेट को बरकरार रखा था।
मौद्रिक नीति समिति में चेतन घाटे, पामी दुआ, रवींद्र एच ढोलकिया सरकार की तरफ से नामित सदस्य हैं। वहीं रिजर्व बैंक की तरफ से गवर्नर उर्जित पटेल, मौद्रिक नीति प्रभारी डिप्टी गवर्नर विरल ए आचार्य और बैंक के कार्यकारी निदेशक मिशेल डी पात्रा इस समिति के सदस्य हैं।












Click it and Unblock the Notifications