Republic Day : कर्तव्य पथ पर मिस्र के मेहमान की मेजबानी, 74वें गणतंत्र दिवस पर मुख्य आकर्षण क्या होगा ? जानिए
74वें गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान मिस्र के राष्ट्रपति भारत के मेहमान होंगे। मिस्र के मेहमान की मौजूदगी में राजपथ (अब कर्तव्य पथ) पर भारत की संस्कृति और ताकत की झलक दिखेगी। जानिए कार्यक्रम की थीम समेत कुछ और मुख्य बातें

Republic Day 2023 में भारत का मुख्य अतिथि कौन बनेगा ? इस सवाल पर काफी दिलचस्पी ली जा रही है, क्योंकि कोरोना महामारी के बाद राजपथ (अब कर्तव्य पथ) पर भारत की झांकी, सैन्य ताकत समेत सांस्कृतिक विविधता के साक्षी बनने मिस्र के मेहमान आ रहे हैं। Egyptian President Abdel Fattah El-Sisi गणतंत्र भारत की 74वीं वर्षगांठ के मौके पर मुख्य अतिथि होंगे। कार्यक्रम की थीम क्या होगी ? इसके अलावा राजपथ पर परेड से जुड़ी कुछ मुख्य बातें भी जानिए-
मिस्र के राष्ट्रपति और सैन्य टुकड़ी की भागीदारी
दरअसल, विदेश मंत्रालय ने शनिवार को बताया कि मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी भारत के 74 वें गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि होंगे। राष्ट्रपति अल-सिसी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर भारत का दौरा कर रहे हैं। विदेश मंत्रालय के अनुसार, पहली बार अरब गणराज्य मिस्र के राष्ट्रपति को भारत गणतंत्र दिवस पर मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है। गणतंत्र दिवस परेड में मिस्र की सेना का एक सैन्य दल भी भाग लेगा।

भारत-मिस्र संबंधों के 75 वर्ष
68 वर्षीय मिस्र के राष्ट्रपति 24 जनवरी को नई दिल्ली पहुंचेंगे। राष्ट्रपति सिसी इससे पहले करीब 8 वर्ष पहले अक्टूबर 2015 में पहली बार भारत दौरे पर आए थे। उस समय प्रेसिडेंट सिसी तीसरे भारत अफ्रीका फोरम शिखर सम्मेलन में भाग लेने आए थे। इसके बाद सितंबर 2016 में भी उन्होंने भारत का राजकीय दौरा किया था। बता दें कि भारत और मिस्र इस वर्ष राजनयिक संबंधों की स्थापना के 75 वर्ष मना रहे हैं। 2022-23 में भारत की जी-20 की अध्यक्षता के दौरान मिस्र को 'अतिथि देश' के रूप में भी आमंत्रित किया गया है।
अतिथि के सम्मान में राजकीय भोज
भारत पहुंचने के बाद 25 जनवरी को राष्ट्रपति सिसी का राष्ट्रपति भवन में औपचारिक स्वागत किया जाएगा। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शाम में राजकीय भोज की मेजबानी करेंगी। राष्ट्रपति सिसी प्रधानमंत्री मोदी के साथ द्विपक्षीय बैठक और प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता में भी शामिल होंगे।
भारत और मिस्र का बिजनेस रिलेशन
एक रिपोर्ट के मुताबिक वित्त वर्ष 2021-22 में भारत और मिस्र के बीच द्विपक्षीय व्यापार 7.26 बिलियन अमेरिकी डॉलर की रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गया। मिस्र को 3.74 बिलियन अमेरिकी डॉलर का भारतीय निर्यात और मिस्र से भारत को 3.52 बिलियन अमेरिकी डॉलर का आयात हुआ। 50 से अधिक भारतीय कंपनियों ने मिस्र की अर्थव्यवस्था के विभिन्न क्षेत्रों में लगभग 3.15 बिलियन अमरीकी डालर का निवेश किया है।
Recommended Video
Republic Day 2023 की थीम क्या है ?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनभागीदारी की थीम पर गणतंत्र दिवस 2023 के कार्यक्रमों का आह्वान किया। पीएम की परिकल्पना के तहत गणतंत्र दिवस समारोह स्वतंत्रता सेनानी नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती 23 जनवरी से शुरू होंगे। 30 जनवरी को शहीद दिवस के दिन गणतंत्र दिवस समारोह का पटाक्षेप होगा। सप्ताह भर के कार्यक्रमों के दौरान इंडियन नेशनल आर्मी (INA) के उन दिग्गजों और आदिवासी समुदाय के सपूतों को श्रद्धांजलि दी जाएगी, जिन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन में भाग लिया था।
गणतंत्र भारत की झलकियां दिखेंगी
जनभागीदारी थीम के तहत पर्यटन मंत्रालय 26-31 जनवरी, 2023 तक दिल्ली के लाल किले के सामने 'भारत पर्व' का आयोजन भी करेगा। ज्ञान पथ पर इस आयोजन में गणतंत्र दिवस की झांकी, सैन्य बैंड के प्रदर्शन, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, देशभर के फूड कोर्ट और क्राफ्ट बाजार की झलकियां देखी जा सकती है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कर्तव्य पथ पर गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह में कई नए कार्यक्रम आयोजित होंगे। सैन्य टैटू और जनजातीय नृत्य उत्सव, वीर गाथा 2.0, वंदे भारतम नृत्य प्रतियोगिता का दूसरा संस्करण प्रमुख है। इसके अलावा राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर सैन्य और तटरक्षक बैंड का प्रदर्शन; राष्ट्रीय युद्ध स्मारक में अखिल भारतीय स्कूल बैंड प्रतियोगिता, बीटिंग द रिट्रीट समारोह के दौरान ड्रोन शो और प्रोजेक्शन मैपिंग भी मुख्य आकर्षण होंगे।
अब तक का सबसे बड़ा ड्रोन शो
गणतंत्र दिवस समारोह पर कार्यक्रमों के बारे में रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में बताया कि Republic Day 2023 में देश की सांस्कृतिक विविधता और स्टार्ट-अप इकोसिस्टम और डिजिटल इंडिया की झलकियां होंगी। कर्तव्य पथ के विजय चौक पर होने वाला ऐतिहासिक आयोजन बीटिंग द रिट्रीट अब तक के सबसे बड़े ड्रोन शो और Anamorphic Projection का साक्षी भी बनेगा।












Click it and Unblock the Notifications