अमेरिकी रिपोर्ट के मुताबिक इराक और सीरिया की ही तरह है उत्तर प्रदेश

अमेरिका की ओर से दुनिया के कई देशों में मौजूद धार्मिक स्वतंत्रता के आधार पर एक रिपोर्ट तैयार की गई है।
इस रिपोर्ट में अमेरिका ने उत्तर प्रदेश की सरकार पर निशाना साधा है। यह रिपोर्ट यूएस डिपार्टमेंट ऑफ स्टेट की ओर से तैयार की गई है। इस रिपोर्ट में उत्तर प्रदेश को सीरिया, श्रीलंका, बांग्लादेश और इराक के बराबर रखा गया है।
रिपोर्ट के मुताबिक उत्तर प्रदेश की सरकार राज्य में धार्मिक आधार पर जारी भेदभाव को रोकने और इसके खिलाफ कोई भी कार्रवाई करने में पूरी तरह से असफल रही है।
अमेरिका की इस रिपोर्ट में अखिलेश सरकार को फटकार लगाते हुए कहा गया है कि सरकार ने एक ऐसा माहौल तैयार किया जिसमें असहिष्णु और हिंसा फैलाने वाले लोगों को बढ़ावा मिला और उनकी हिम्मत बढ़ी।
इसके बाद इन लोगों ने धार्मिक मान्यताओं के आधार पर लोगों पर हमले किए। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि राज्य सरकार लोगों की सुरक्षा करने में पूरी तरह से विफल रही है।
रिपोर्ट यहीं खत्म नहीं होती है। रिपोर्ट में आगे लिखा है कि उत्तर प्रदेश की सरकार की कमजोरी की वजह से ही से लोगों को बड़े पैमाने पर विस्थापित होना पड़ा।
भारत के अन्य राज्यों में सिर्फ यूपी की ओर इशारा करते हुए रिपोर्ट में मुजफ्फरनगर जिले में बीते साल अगस्त और मध्य सितंबर में हुए दंगों का जिक्र किया गया है।
रिपोर्ट के मुताबिक, वहां हिंसक झड़पों में 65 लोगों की मौत हो गई, 68 घायल हुए जबकि 40 से 50 हजार लोगों को अपना घर छोड़कर जाना पड़ा।
अमेरिकी रिपोर्ट में 2013 को ऐसा साल बताया गया है, जब इस तरह की घटनाओं में इजाफा हुआ, जिसमें धार्मिक आजादी छिनती दिखी और धार्मिक समुदायाें का बड़े पैमाने पर विस्थापन हुआ।












Click it and Unblock the Notifications