भोपाल में भी 15 जून से खुलेंगे धार्मिक स्थल, जारी हुई गाइडलाइन
भोपाल: कोरोना वायरस के मामले देश में तेजी से बढ़ रहे हैं। इसके साथ ही सरकार लॉकडाउन में छूट भी देती जा रही है। वैसे तो देश में लॉकडाउन का पांचवां चरण 30 जून तक लागू है, लेकिन छूट मिलने की वजह से इसे अनलॉक-1 भी कहा जा रहा है। अब मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में भी सरकार ने धार्मिक स्थलों को सशर्त खोलने की इजाजत दे दी है। साथ ही सभी से सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने की अपील की जा रही है।

भोपाल जिला कलेक्टर ने शनिवार को धार्मिक स्थलों को खोलने को लेकर आदेश जारी किए। कलेक्टर के मुताबिक 15 जून से भोपाल के धार्मिक स्थलों को खोला जा सकेगा। इस दौरान कंटेनमेंट जोन में कोई छूट नहीं मिलेगी। वहीं दर्शन के दौरान मूर्ति/धार्मिक ग्रंथ को स्पर्श करने की अनुमति नहीं होगी। साथ ही 6 फीट की सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करना अनिवार्य होगा। वहीं फूल, प्रसाद आदि नहीं चढ़ाया जाएगा और ना ही कोई घंटा बजा सकेगा। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि धार्मिक स्थलों में किसी भी समारोह का आयोजन नहीं होगा।
भोपाल में 2000 से ज्यादा मामले
मौजूदा वक्त में कोरोना वायरस के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। अब तक देश में 3.10 लाख से ज्यादा मामले सामने आ चुके हैं। जिनमें से 8895 लोगों की मौत हुई है, जबकि 1.55 लाख मरीज ठीक हो चुके हैं। मध्य प्रदेश भी कोरोना से बुरी तरह प्रभावित है, जहां पर 10,443 मामले सामने आए हैं। इसमें 440 लोगों की मौत हुई है। वहीं राजधानी भोपाल में 2082 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। जिसमें एक्टिव केस की संख्या सिर्फ 581 ही है।












Click it and Unblock the Notifications