Rekha Gupta: 'बिना आधार के एंट्री नहीं, CRPF जवान तैनात', सीएम आवास के लेबर ने बताया मुख्यमंत्री का ताजा हाल
Rekha Gupta: बुधवार को दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर जनसुनवाई को दौरान हमला हुआ, जिसने सियासी गलियारों से लेकर सोशल मीडिया तक पर हड़कंप पैदा कर दिया है। हालांकि सीएम रेखा गुप्ता को गंभीर चोटें नहीं आईं और वो अब स्थिर हैं। उन्होंने बुधवार शाम कहा भी कि 'वो किसी भी तरह से डरने वाली नहीं हैं।' फिलहाल वो आज घर से ही काम कर रही हैं।
आपको बता दें कि सीएम रेखा को जेड कैटेगरी सिक्योरिटी मिली हुई थी, अब इसमें CRPF जवान भी शामिल है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के सरकारी आवास पर काम करने वाले मजदूर भी इस वक्त सीएम आवास के सामने खड़े हैं।

संतोष नाम के एक लेबर ने कहा कि 'आज जिनके पास आधार कार्ड है उन्हें अंदर आने दिया जा रहा है। जिनके पास आधार कार्ड नहीं है उन्हें अंदर नहीं आने दिया जा रहा है। कल हम सुबह 9 बजे आए और हमें बताया गया कि आज काम बंद रहेगा। इसलिए हम वापस चले गए थे।'
'यह एक पेशेवर हमला लगता है' (Rekha Gupta)
तो वहीं सीएम की हालत के बारे में बताते हुए दिल्ली के मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा, 'उन्होंने कल शाम भी काम किया था। वह फाइलें देख रही हैं। वह सभी आधिकारिक काम कर रही हैं। लेकिन उन्हें आराम की ज़रूरत है क्योंकि उनके शरीर पर गंभीर चोटें हैं। यह कोई साधारण घटना नहीं है, बल्कि मुख्यमंत्री सभी आधिकारिक काम कर रही हैं, आरोपी का आपराधिक इतिहास है। उसके खिलाफ पहले से ही तस्करी से लेकर शराब की आपूर्ति और हत्या के प्रयास तक 9 आपराधिक मामले दर्ज हैं। जिस तरह से वह यहां आया, वह एक पेशेवर अपराधी जैसा लग रहा था, यह एक पेशेवर हमला लगता है लेकिन हम पुलिस जांच का इंतजार कर रहे हैं।'
हमलावर की पहचान राजेश साकरिया के रूप में हुईं (Rekha Gupta)
आपको बता दें कि हमलावर की पहचान गुजरात के राजकोट निवासी राजेश साकरिया के रूप में हुई है और वो 5 दिन की पुलिस रिमांड पर है। मालूम हो कि सीएम रेखा गुप्ता ने बुधवार शाम एक्स पर अपने बारे में अपडेट दिया था। उन्होंने लिखा था कि 'आज सुबह जनसुनवाई के दौरान मेरे ऊपर हुआ हमला केवल मेरे ऊपर नहीं, बल्कि दिल्ली की सेवा और जनता की भलाई के हमारे संकल्प पर किया गया एक कायराना प्रयास है। स्वाभाविक है कि इस हमले के बाद मैं सदमे में थी, परन्तु अब बेहतर महसूस कर रही हूं। मैं अपने सभी शुभचिंतकों से निवेदन करती हूँ कि कृपया मुझसे मिलने के लिए परेशान न हों। मैं बहुत जल्द ही आपके बीच काम करती हुई दिखाई दू्ंगी।'
'मेरे हौसले और संकल्प को कभी तोड़ नहीं सकते' (Rekha Gupta)
'ऐसे हमले मेरे हौसले और जनता की सेवा के संकल्प को कभी तोड़ नहीं सकते। अब मैं पहले से कहीं अधिक ऊर्जा और समर्पण के साथ आपके बीच रहूंगी। जनसुनवाई और जनता की समस्याओं का समाधान पहले की तरह ही गंभीरता और प्रतिबद्धता के साथ जारी रहेगा। आपका विश्वास और समर्थन ही मेरी सबसे बड़ी ताक़त है। आपके अपार स्नेह, आशीर्वाद और शुभकामनाओं के लिए मैं हृदय से आभार व्यक्त करती हूं।'












Click it and Unblock the Notifications