दिल्ली विश्वविद्यालय ने छात्रों को दी राहत, 31 जुलाई तक बढ़ी रजिस्ट्रेशन की डेट
नई दिल्ली: छात्रों को दिल्ली विश्वविद्यालय ने बड़ी राहत दी है। जिसके तहत ग्रेजुएशन, पोस्ट ग्रेजुएशन और पीएचडी के ऑनलाइन पंजीकरण की तारीख को 31 जुलाई तक बढ़ा दिया गया है। पहले आवेदन की अंतिम तारीख 4 जुलाई थी, लेकिन बाद में उसे बढ़ाकर 18 जुलाई कर दिया गया था। शनिवार को विश्वविद्यालय प्रशासन ने दूसरी बार अंतिम तिथि को बढ़ाने का फैसला लिया।

विश्वविद्यालय प्रशासन के मुताबिक शनिवार रात 9 बजे तक 4,44,198 उम्मीदवारों ने ग्रेजुएशन कोर्स के लिए पोर्टल पर अप्लाई किया था, जबकि 2,91,469 ने रजिस्ट्रेशन फी का भुगतान किया। इसके अलावा 1,66,933 उम्मीदवारों ने पोस्ट ग्रेजुएशन कोर्स के लिए पंजीकरण करवाया था, जिसमें से 1,34,068 उम्मीदवारों ने भुगतान किया। विश्वविद्यालय के मुताबिक एम.फिल और पीएचडी में प्रवेश के लिए 30,107 अभ्यर्थियो ने पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन करवाया। जिसमें से 19,170 ने फीस जमा की है।
आपको बता दें कि इस बार कोरोना महामारी की वजह से दिल्ली विश्वविद्यालय में प्रवेश प्रक्रिया देर से हो रही है। जिसके तहत 20 जून से रजिस्ट्रेशन शुरू किया गया था। कोरोना के कहर को देखते हुए पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन हो रही है। देश के ज्यादातर बोर्ड्स ने 12वीं के रिजल्ट घोषित कर दिए हैं। अब अंतिम तारीख बढ़ने से छात्रों को काफी राहत मिलेगी।












Click it and Unblock the Notifications