जम्मू-कश्मीर में पाक गोलाबारी जारी, पुलिस ने जारी किया रेड एलर्ट
जम्मू। तमाम फटकार के बावजूद पाकिस्तान अपनी नापाक हरकतों से बाज नहीं आ रहा है,उसकी ओर से लगातार हो रही सीमा पर गोलाबारी के कारण हालात काफी संवेदनशील हो गए हैं और इसी कारण कश्मीर पुलिस ने इलाके में 'रेड एलर्ट' जारी किया है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक लगातार गोलीबारी के कारण इस वक्त कश्मीर के सीमावर्ती इलाकों के गावों में सन्नाटा और भय पसरा है, काफी लोग अपनी जगहों को छोड़कर जा भी चुके हैं, जिसके कारण पुलिस ने इलाके में रेल एलर्ट जारी किया है। पुलिस के मुताबिक प्रशासन चौकस है, सरकार अलर्ट है और सरकार के स्तर पर चीजों पर ध्यान दिया जा रहा है।

आपको बता दे कि एलओसी पर शनिवार को तीसरे दिन भी गोलाबारी जारी थी, जिसमें भारत का एक जवान शहीद हो गया था। इस बारे में जानकारी देते हुए भारतीय सेना से जुड़े एक अधिकारी ने बताया कि पाकिस्तान की सेना ने राजौरी के सुंदरबनी सेक्टर में दोपहर 2 बजे अचानक फायरिंग शुरू कर दी। इस फायरिंग का जवाब भारतीय सेना ने भी दिया। इसी दौरान गंभीर रूप से घायल हुए लांसनायक योगेश मुरलीधर भड़ाने ने दम तोड़ दिया। सेना के अधिकारी ने बताया कि करीब 15 मिनट तक दोनों ओर से फायरिंग की गई।
300 से अधिक शैक्षणिक संस्थानों को बंद किया गया
इसलिए गोलाबारी के चलते तनाव बढ़ने के मद्देनजर प्रशासन ने जम्मू क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय सीमा और एलओसी से लगे इलाकों में 300 से अधिक शैक्षणिक संस्थानों को अगले तीन दिनों के लिए बंद कर दिया है। आपको बता दें कि पिछले रविवार को जम्मू-कश्मीर के बांदीपुरा से लश्कर ए तैयबा का एक संदिग्ध आतंकवादी गिरफ्तार किया गया था। पुलिस को उसके पास से प्रतिबंधित AK-47, 30 कारतूस और कई गोले-बारूद बरामद हुए थे, उसके पास से पड़ोसी देश की कुछ चीजें भी बरामद हुई थी।












Click it and Unblock the Notifications